रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने दिवंगत आरक्षक सोनवीर कुमार के परिवार को बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत 1 करोड़ 8 लाख रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा। बुधवार को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने दिवंगत आरक्षक की पत्नी प्रीति देवी को चेक प्रदान किया और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पुलिसकर्मी कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना भी सरकार की प्राथमिकता है। सैलरी पैकेज बीमा योजना आकस्मिक परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों के आश्रित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।
उन्होंने कहा कि किसी परिवार के लिए अपने सदस्य को खोना अपूरणीय क्षति है, लेकिन ऐसी परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा परिवार को भविष्य की चुनौतियों से निपटने में मदद करती है। उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों को बीमा राशि प्राप्त करने वाले परिवार को सुरक्षित निवेश और वित्तीय प्रबंधन के संबंध में मार्गदर्शन देने के निर्देश भी दिए।
12 साल से अधिक पुलिस सेवा देने वाले आरक्षक का हुआ था निधन
दिवंगत आरक्षक सोनवीर कुमार छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी, कबीरधाम में कैंप घाघरा के अंतर्गत पदस्थ थे। उन्होंने पुलिस बल में 12 वर्षों से अधिक समय तक सेवाएं दी थीं। 22 दिसंबर 2025 को गोली लगने की घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया था।
उनके निधन के बाद बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत उनकी पत्नी एवं नामिनी प्रीति देवी को 1 करोड़ 8 लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की गई। इसके अलावा उनके पुत्र दिवेश कुमार को बाल आरक्षक के रूप में अनुकंपा नियुक्ति भी दी जा चुकी है।
नगर सैनिकों और फायर फाइटर्स को भी बीमा सुरक्षा
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिसकर्मियों के साथ-साथ नगर सैनिकों और अग्निशमन कर्मियों को भी सैलरी पैकेज बीमा योजना से जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में सेवाएं देने वाले जवानों और उनके आश्रित परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।
छत्तीसगढ़ पुलिस ने अपने अधिकारी-कर्मचारियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए विभिन्न बैंकों के साथ सैलरी पैकेज संबंधी समझौते किए हैं। इन योजनाओं के अंतर्गत आकस्मिक मृत्यु अथवा दुर्घटना की स्थिति में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार आश्रित परिवारों को बीमा सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
बैंक ऑफ बड़ौदा अब तक पांच पुलिसकर्मियों के मामलों में सैलरी पैकेज के तहत बीमा सहायता प्रदान कर चुका है। यह राशि परिवारों की आर्थिक स्थिरता, बच्चों की शिक्षा और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में सहायक साबित हो रही है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रदीप गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा, सीएएफ की 17वीं बटालियन के कमांडेंट कमलेश चंदेल, बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक दिवाकर प्रसाद सिंह, उप महाप्रबंधक प्रभाकर कुमार और सहायक महाप्रबंधक मधुसूदन कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
