रायपुर, जनजातीय गौरव सप्ताह के समापन अवसर पर खैरागढ़ जिला मुख्यालय के स्वर्गीय लाल दिलीप सिंह स्मृति मंगल भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय नायकों और स्वतंत्रता सेनानियों के छायाचित्रों पर माल्यार्पण कर उनके शौर्य, बलिदान और राष्ट्र के प्रति योगदान को नमन किया गया।
कार्यक्रम में जनजातीय समाज के प्रमुखों का सम्मान किया गया। जनजातीय नर्तक दलों एवं छात्रावासी छात्र-छात्राओं ने जनजातीय लोक संस्कृति पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां देकर समारोह में सांस्कृतिक रंग बिखेरे।
जनजातीय नायकों के योगदान को किया याद
समारोह में आमंत्रित अतिथियों ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा तथा छत्तीसगढ़ के वीर जनजातीय नायकों के योगदान को याद किया। इस दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनजातीय समाज के उत्थान के लिए संचालित योजनाओं, पीएम जनमन योजना, तेंदूपत्ता संग्राहकों के पारिश्रमिक में वृद्धि, देवगुड़ियों के निर्माण तथा दूरस्थ गांवों तक सरकारी सेवाएं पहुंचाने के प्रयासों की जानकारी दी गई।
दूरस्थ बैगा बस्तियों तक पहुंचाया जा रहा योजनाओं का लाभ
कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के अंतर्गत संचालित योजनाओं का लाभ जिले की दूरस्थ बैगा बस्तियों के पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न विभाग मिलकर काम कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इन बस्तियों में परिवारों की जरूरतों के अनुसार आवास, पेयजल, बिजली और सड़क संपर्क के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण तथा आजीविका संबंधी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
नए आंगनबाड़ी केंद्र और बहुउद्देशीय केंद्र स्थापित
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रेम कुमार पटेल ने बताया कि जिन गांवों में पहले आंगनबाड़ी की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, वहां नए आंगनबाड़ी केंद्र खोले गए हैं। इसके साथ ही क्षेत्र में बहुउद्देशीय केंद्र भी स्थापित किए गए हैं, जिससे ग्रामीणों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
जनजातीय जीवन, परंपरा और संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम में जनजातीय नायकों के जीवन और संघर्ष पर केंद्रित प्रदर्शनी लगाई गई। जनजातीय गौरव प्रदर्शनी में पारंपरिक आभूषण, वेशभूषा और कृषि उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। पीएम जनमन योजना की उपलब्धियों सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए, जहां नागरिकों को शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में आदिम जाति विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री स्वर्णिम शुक्ला ने उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
