रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नवा रायपुर स्थित निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह सामाजिक समरसता, आत्मीयता, सेवा भावना और सांस्कृतिक गौरव का अनूठा संगम बना। समारोह में प्रदेशभर से आए पद्मश्री सम्मानित विभूतियों, विभिन्न समाजों के वरिष्ठजनों, लोकतंत्र सेनानियों, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं तथा शिक्षा, सेवा, साहित्य, संस्कृति, सामाजिक जागरण, सुरक्षा और आर्थिक क्षेत्र से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने एक-एक टेबल पर पहुंचकर अतिथियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना, अनुभव सुने और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री के सहज और आत्मीय व्यवहार से समारोह औपचारिक आयोजन से आगे बढ़कर पारिवारिक मिलन का स्वरूप बन गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली केवल प्रकाश और उल्लास का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर भी है। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में समर्पित भाव से कार्य करने वाले लोगों से मिलना और उनके अनुभवों को जानना सदैव प्रेरणादायक होता है।
समाज के हर वर्ग की सहभागिता से साकार होगा विकसित छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी शक्ति यहां के लोगों की सरलता, आत्मीयता, सामाजिक एकता और सेवा भावना है। समाज के विभिन्न वर्गों और संगठनों के सामूहिक प्रयासों से प्रदेश की गौरवशाली परंपराओं को सहेजते हुए विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचा जा सकता है।
समारोह में जैन समाज, वैष्णव समाज, छत्तीसगढ़िया सोनार समाज सहित विभिन्न समाजों के वरिष्ठजनों और प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान सामाजिक, सांस्कृतिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न समाजों की सांस्कृतिक पहचान, परंपराएं और जीवन मूल्य मिलकर छत्तीसगढ़ की साझा संस्कृति को समृद्ध बनाते हैं।
संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मुलाकात, पुराने अनुभव हुए साझा
समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लगभग चार दशक से सक्रिय वरिष्ठ कार्यकर्ताओं तथा संघ के छत्तीसगढ़ प्रांत के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की विशेष उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनके अनुभवों और समाज जीवन में किए गए कार्यों के संबंध में चर्चा की।
उन्होंने कहा कि किसी भी समाज और संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। दशकों तक निष्ठा, अनुशासन और सेवा भावना के साथ कार्य करने वाले वरिष्ठजनों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और योगदान को किया नमन
दीपावली मिलन समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोकतंत्र सेनानियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उनसे आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष और उनके अनुभवों की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। लोकतांत्रिक अधिकारों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
सेवा संगठनों के कार्यों की सराहना
समारोह में आरोग्य भारती, राष्ट्रीय सेवा भारती और भारतीय कुष्ठ निवारक संघ सहित विभिन्न सेवा संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य जागरूकता, रोग निवारण, जरूरतमंदों की सहायता, सामाजिक पुनर्वास और जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि सेवा हमारी संस्कृति का मूल भाव है। समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए समर्पित संगठन सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिक्षा, साहित्य और वैचारिक संगठनों से भी किया संवाद
समारोह में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय शिक्षण मंडल और विद्या भारती सहित शिक्षा क्षेत्र से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने शिक्षा, विद्यार्थी विकास, संस्कार, कौशल और नई पीढ़ी के व्यक्तित्व निर्माण से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करने का महत्वपूर्ण आधार है। आधुनिक शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, कौशल और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का समन्वय आवश्यक है।
प्रज्ञा प्रवाह और भारतीय साहित्य परिषद सहित साहित्यिक एवं वैचारिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मुख्यमंत्री ने मुलाकात की। उन्होंने कहा कि साहित्य, विचार और बौद्धिक विमर्श समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के प्रयासों को सराहा
समारोह में विश्व हिंदू परिषद, वनवासी कल्याण आश्रम और राष्ट्रीय सेवा समिति सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, सेवा, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का जनजातीय समाज प्रदेश की गौरवशाली सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण आधार है। जनजातीय अंचलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और सामाजिक जागरूकता के लिए किए जाने वाले सकारात्मक प्रयास प्रदेश के सर्वांगीण विकास में सहायक हैं।
पूर्व सैनिकों के योगदान को बताया राष्ट्र का गौरव
समारोह में पूर्व सैनिक परिषद और हिंदू जागरण मंच सहित सुरक्षा एवं सामाजिक जागरण से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री साय ने पूर्व सैनिकों के योगदान का सम्मान करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले सैनिक राष्ट्र के गौरव हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी समाजसेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका अनुकरणीय है।
आर्थिक और श्रमिक संगठनों से चर्चा, आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ पर जोर
लघु उद्योग भारती और भारतीय मजदूर संघ सहित आर्थिक एवं श्रमिक क्षेत्र से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान लघु उद्योगों, स्थानीय उद्यमिता, रोजगार सृजन, श्रमिक कल्याण और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उद्योगों, उद्यमियों, श्रमिकों और युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। लघु एवं सूक्ष्म उद्योग स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करते हैं। स्थानीय संसाधनों, कौशल और उद्यमिता को प्रोत्साहन देकर आत्मनिर्भर एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण को गति दी जा सकती है।
पद्मश्री विभूतियों से मुलाकात, कला और संस्कृति के संरक्षण पर चर्चा
समारोह में पद्मश्री सम्मानित कलाकारों और कला-साधकों की उपस्थिति विशेष आकर्षण रही। मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रसिद्ध सूफी गायक पद्मश्री श्री मदन सिंह चौहान से मुलाकात कर संगीत के क्षेत्र में उनके लंबे समर्पण और योगदान की सराहना की।
उन्होंने पद्मश्री श्री पंडीराम मंडावी से भी मुलाकात कर अबूझमाड़ की पारंपरिक काष्ठकला और उसके संरक्षण के प्रयासों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर की जनजातीय कला और संस्कृति छत्तीसगढ़ की अमूल्य धरोहर है। इन कलाओं में पीढ़ियों से संचित ज्ञान और प्रकृति के साथ जुड़ाव की सुंदर अभिव्यक्ति दिखाई देती है।
मुख्यमंत्री ने पद्मश्री सम्मानित भारती बंधु से भी आत्मीय मुलाकात की तथा संत कबीर की वाणी और भक्ति संगीत को जन-जन तक पहुंचाने में उनके योगदान की प्रशंसा की।
जनजातीय बच्चों तक अंतरिक्ष विज्ञान पहुंचाने की पहल को सराहा
समारोह में विज्ञान भारती के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान से परिचित कराने के लिए संचालित ‘स्पेस ऑन व्हील’ पहल की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के जनजातीय और दूरस्थ अंचलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही अवसर, मार्गदर्शन और आधुनिक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने की है।
एक-एक टेबल पर पहुंचे मुख्यमंत्री, आत्मीय संवाद से यादगार बना समारोह
दीपावली मिलन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने औपचारिकताओं से अलग हटकर सभी समूहों के बीच पहुंचकर व्यक्तिगत संवाद किया। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से पुराने अनुभवों की जानकारी ली, लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष को सम्मान दिया, कलाकारों की साधना को सराहा और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से उनके सामाजिक कार्यों के संबंध में चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे अवसर समाज के विभिन्न वर्गों के बीच विश्वास, संवाद और सहयोग के संबंधों को मजबूत बनाते हैं। वर्षों से समाज जीवन में सक्रिय वरिष्ठजनों का अनुभव और नई पीढ़ी का उत्साह मिलकर प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। इस संकल्प को साकार करने में समाज के प्रत्येक वर्ग और नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
