बुबियान द्वीप पर चार लोगों की गिरफ्तारी के बाद बढ़ा विवाद
Kuwait और Iran के बीच तनाव उस समय बढ़ गया, जब कुवैत ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी Islamic Revolutionary Guard Corps (IRGC) से जुड़े लोगों पर घुसपैठ का आरोप लगाया। कुवैत ने समुद्री मार्ग से बुबियान द्वीप में कथित प्रवेश के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार करने की जानकारी दी है।
ईरान ने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और अस्वीकार्य बताते हुए खारिज कर दिया है। ईरानी सरकारी मीडिया Tasnim News Agency के मुताबिक, तेहरान ने कहा कि गिरफ्तार किए गए चारों लोग नियमित समुद्री गश्त मिशन पर थे और नेविगेशन सिस्टम में खराबी आने के कारण अनजाने में कुवैती जलक्षेत्र में पहुंच गए।
ईरान के विदेश मंत्रालय ने कुवैत पर इस घटना का “राजनीतिक और प्रचारात्मक इस्तेमाल” करने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि ईरान हमेशा क्षेत्रीय देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करता है। मंत्रालय ने उम्मीद जताई कि कुवैत बिना ठोस आधार के सार्वजनिक आरोप लगाने के बजाय आधिकारिक कूटनीतिक माध्यमों से मामले को आगे बढ़ाएगा।
तेहरान ने कुवैत में स्थित ईरानी दूतावास को हिरासत में लिए गए नागरिकों तक तत्काल पहुंच देने और उनकी रिहाई की भी मांग की है।
वहीं Kuwait News Agency (KUNA) के अनुसार, कुवैत के गृह मंत्रालय ने दावा किया है कि गिरफ्तार किए गए लोगों ने पूछताछ में IRGC से संबंध होने की बात स्वीकार की है। मंत्रालय का आरोप है कि ये लोग विशेष रूप से किराए पर ली गई मछली पकड़ने वाली नाव के जरिए बुबियान द्वीप में घुसपैठ करने पहुंचे थे।
कुवैती अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान सुरक्षा बलों और संदिग्धों के बीच झड़प भी हुई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हुआ जबकि दो अन्य भागने में सफल रहे। कुवैत के विदेश मंत्रालय ने इस घटना को देश की संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताया है।
