रायपुर पुलिस को छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं हिंदी परीक्षा पेपर लीक मामले में बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी वेणु जंघेल को रायपुर क्राइम ब्रांच और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बिलासपुर से गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि 12वीं हिंदी विषय का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके बाद शिक्षा मंडल और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था।
3 हजार रुपये में बेचता था पेपर
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह 3 हजार रुपये लेकर छात्रों को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराता था। जांच के दौरान पुलिस ने 50 से अधिक छात्रों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की, जिसमें वेणु जंघेल का नाम सामने आया।
आरोपी बेमेतरा जिले के ग्राम बरसरा का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के गोकुल नगर क्षेत्र में रह रहा था।
डिजिटल सबूत मिटाने की कोशिश
पुलिस के अनुसार मामला दर्ज होने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल डेटा और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिटाने की कोशिश कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
तकनीकी जांच से मिला सुराग
रायपुर क्राइम ब्रांच ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
मामले में कोतवाली थाना में पहले से ही अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज है और साइबर व तकनीकी जांच लगातार जारी है।
