टंक राम वर्मा ने कहा है कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
सुशासन तिहार के तहत सरसीवा तहसील के ग्राम पंचायत झुमका में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में मंत्री श्री वर्मा शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण कर आवेदन निराकरण की स्थिति की जानकारी ली।
कार्यक्रम में हितग्राहियों को ट्रैक्टर की चाबी, अनुदान राशि के चेक, प्रमाण पत्र तथा अन्य सामग्री वितरित की गई। शिविर में कुल 2310 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 272 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। एक कृषक को ट्रैक्टर खरीदी पर 2.50 लाख रुपये का अनुदान दिया गया, जबकि कई किसानों को बोर खनन के लिए 43-43 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए।
इसके अलावा नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया, गर्भवती महिलाओं को उपहार दिए गए तथा ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए।
मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत पर कार्य कर रही है और प्रधानमंत्री आवास योजना के हर पात्र हितग्राही को उनका अधिकार मिलेगा।
विभिन्न विभागों ने दिए लाभ
शिविर में प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया। किसानों को किसान पुस्तिका और बी-1 की प्रतियां प्रदान की गईं, वहीं विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
मत्स्य विभाग और खाद्य विभाग द्वारा मछुआरों को जाल तथा पात्र परिवारों को नए राशन कार्ड दिए गए। इसके अलावा दिव्यांग प्रमाण पत्र, पेंशन स्वीकृति पत्र और प्रधानमंत्री आवास योजना के पूर्णता प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद विभाग की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया गया।
कार्यक्रम में कविता लहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पांडेय, ग्राम पंचायत झुमका के सरपंच धनंजय साहू, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं के लिए पंजीयन कराया।
