छत्तीसगढ़ में पहली बार कोई मौजूदा विधायक सरकारी सामूहिक विवाह योजना के मंच पर शादी करने जा रहा है। दीपेश साहू ने 31 मई को आयोजित होने वाले शासकीय ‘मुख्यमंत्री कन्यादान सामूहिक विवाह योजना’ के तहत विवाह करने का फैसला लेकर एक अलग सामाजिक संदेश दिया है।
24 जोड़ों के साथ होगा विवाह
बेमेतरा जिला मुख्यालय के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित इस सामूहिक विवाह समारोह में विधायक दीपेश साहू, तरूणा साहू के साथ विवाह बंधन में बंधेंगे। खास बात यह है कि वे अकेले नहीं, बल्कि 23 अन्य जरूरतमंद जोड़ों के साथ सात फेरे लेंगे। इस तरह कुल 24 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न होगा।
CM साय समेत कई दिग्गज रहेंगे मौजूद
इस ऐतिहासिक आयोजन में विष्णु देव साय विशेष रूप से शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे। उनके साथ रमन सिंह, तोखन साहू, अरुण साव, विजय शर्मा और सांसद विजय बघेल सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री और विधायक भी मौजूद रहेंगे।
वीआईपी कल्चर से दूर रहने का संदेश
आज के दौर में जहां शादियों में करोड़ों रुपये खर्च करने की होड़ लगी रहती है, वहीं विधायक दीपेश साहू का यह कदम सादगी और सामाजिक समानता का संदेश देता नजर आ रहा है। सरकारी योजना के मंच पर आम लोगों के साथ विवाह करने के फैसले की पूरे प्रदेश में चर्चा हो रही है।
प्रशासन ने जारी किए निमंत्रण
जिला प्रशासन ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए आयोजन के लिए आधिकारिक निमंत्रण पत्र जारी किए हैं। प्रशासन का मानना है कि यह आयोजन समाज में फिजूलखर्ची कम करने और सामूहिक विवाह को बढ़ावा देने की दिशा में सकारात्मक संदेश देगा।
