उप मुख्यमंत्री तथा कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने कांकेर में तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर मेलाभाठा के समीप नवनिर्मित बहुउद्देशीय मिनी स्टेडियम और इनडोर हॉल का लोकार्पण किया। उन्होंने फुटबॉल को किक मारकर खेल मैदान का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की स्वाधीनता, आत्मनिर्भरता और महान क्रांतिकारियों के अमर बलिदानों की याद दिलाती है। वीर शहीदों की शहादत और उनके सपनों को संजोकर रखने की जिम्मेदारी विद्यार्थियों और युवाओं की है।
अरुण साव ने कहा कि देश को आजादी दिलाने वाले महान देशभक्तों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके बलिदान से मिली स्वतंत्रता के बाद भारत को आत्मनिर्भर, विश्वगुरु और समृद्ध राष्ट्र बनाने में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि मिनी स्टेडियम के निर्माण से कांकेर की स्थानीय खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का मंच मिलेगा।
उन्होंने हाल ही में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव द्वारा वेटलिफ्टिंग में रजत पदक जीतने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। उम्मीद है कि कांकेर का यह मिनी स्टेडियम जिले की छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
लगभग 7 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित मिनी स्टेडियम में फुटबॉल ग्राउंड, क्रिकेट बॉक्स, बास्केटबॉल ग्राउंड, रनिंग ट्रैक और विभिन्न खेलों के लिए नेट प्रैक्टिस की सुविधा उपलब्ध है। वहीं, 2.40 करोड़ रुपए की लागत से बने बहुउद्देशीय इनडोर हॉल में बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस, कुश्ती सहित विभिन्न खेलों के अभ्यास की सुविधा है। परिसर में आउटडोर जिम भी बनाया गया है।
लोकार्पण कार्यक्रम में विधायक आशाराम नेताम ने नगरवासियों को बधाई देते हुए खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और कांकेर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की अपील की। जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक और कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक आशाराम नेताम ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मिनी स्टेडियम परिसर में नारियल के पौधे लगाए। अन्य अतिथियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
