भारतीय अंडर-18 हॉकी टीम के एशिया कप विजेता खिलाड़ी अवि मानिकपुरी ने रविवार को मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai से रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री Arun Sao भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अवि मानिकपुरी को अंडर-18 एशिया कप में भारत की ऐतिहासिक जीत में महत्वपूर्ण योगदान के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, अनुशासन और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अवि मानिकपुरी की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। यह साबित करता है कि अवसर, संसाधन और दृढ़ संकल्प मिलने पर छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। उन्होंने अवि को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे आगे भी इसी लगन और समर्पण के साथ भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विकास, प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि बिलासपुर निवासी अवि मानिकपुरी देश के उभरते हुए हॉकी खिलाड़ियों में शामिल हैं। उन्होंने हाल ही में जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जिसमें अवि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, महासचिव डॉ. मनीष श्रीवास्तव तथा अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे भी उपस्थित थे।
