राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने 18 अधिकारियों और कर्मचारियों की नवीन पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। स्थानांतरित अधिकारियों में मुख्य नगर पालिका अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, स्वास्थ्य निरीक्षक, राजस्व उप निरीक्षक तथा सहायक ग्रेड-2 के कर्मचारी शामिल हैं।
विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती किरण पटेल तथा सहायक राजस्व निरीक्षक श्री राजेश तिवारी का निलंबन समाप्त कर उन्हें आगामी आदेश तक क्रमशः बम्हनीडीह नगर पंचायत और खैरागढ़ नगर पालिका में पदस्थ किया गया है। हालांकि दोनों अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय जांच पूर्ववत जारी रहेगी।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे सात दिनों के भीतर अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर इसकी सूचना विभाग को उपलब्ध कराएं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में कार्यभार ग्रहण नहीं करने की स्थिति में संबंधित अधिकारी या कर्मचारी को वर्तमान पदस्थापना स्थल से वेतन आहरित करने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही आदेशों का पालन सुनिश्चित नहीं कराने वाले नियंत्रण अधिकारियों के विरुद्ध भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
राज्य सरकार के इस निर्णय को प्रशासनिक कार्यों में दक्षता और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
