रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनका मुख्य फोकस प्रदेश में विदेशी निवेश आकर्षित करने और छत्तीसगढ़ को औद्योगिक एवं कारोबारी गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने पर रहेगा। मुख्यमंत्री भारत-सिंगापुर विकास एवं कारोबार कार्यक्रम में शामिल होकर निवेशकों और उद्योगपतियों के सामने छत्तीसगढ़ में उपलब्ध निवेश संभावनाओं को प्रस्तुत करेंगे।
कारोबारी प्रतिनिधियों और निवेशकों से करेंगे मुलाकात
सिंगापुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री साय विभिन्न कारोबारी प्रतिनिधियों और निवेशकों से मुलाकात करेंगे। वे छत्तीसगढ़ की खनिज संपदा, बिजली, पानी, भूमि और अन्य संसाधनों की उपलब्धता की जानकारी देंगे। साथ ही प्रदेश की नई औद्योगिक नीति के तहत निवेशकों को मिलने वाली सुविधाओं और प्रोत्साहनों के बारे में भी जानकारी साझा करेंगे।
टेक्नोलॉजी और मैन्युफैक्चरिंग में निवेश पर जोर
इस दौरे में केवल खनन क्षेत्र तक निवेश सीमित रखने के बजाय टेक्नोलॉजी, मैन्युफैक्चरिंग, ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने पर भी जोर रहेगा। मुख्यमंत्री साय टेक्नोलॉजी क्षेत्र की कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर छत्तीसगढ़ में नई परियोजनाओं की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
CEO के साथ वन-टू-वन बैठकें
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री साय कई बड़ी कंपनियों के CEO और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों में छत्तीसगढ़ में उद्योग स्थापित करने, जॉइंट वेंचर और नई फैक्ट्रियां शुरू करने जैसे विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है।
सरकार का मानना है कि प्रदेश में नए औद्योगिक निवेश आने से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे। सिंगापुर दौरे के जरिए राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की निवेश क्षमता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने की दिशा में काम कर रही है।
