रायपुर। छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है और इस दिशा में व्यापार एवं उद्योग जगत की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के शहीद स्मारक ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के शपथ ग्रहण समारोह में यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को साकार करने के लिए हमें मिलकर विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करना होगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने चैंबर अध्यक्ष श्री सतीश थौरानी, महामंत्री श्री अजय भसीन, कोषाध्यक्ष श्री निकेश बरड़िया सहित सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और संगठन की एकजुटता की सराहना की। उन्होंने कहा कि 62 वर्षों से कार्यरत इस संगठन से 12 लाख व्यापारी जुड़े हुए हैं और पहली बार सर्वसम्मति से चुनाव होना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
छोटे व्यापारियों को मिल रही राहत
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने छोटे व्यापारियों को राहत पहुंचाने कई निर्णय लिए हैं। ई-वे बिल की सीमा 50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख रुपये की गई है, पेट्रोल पर वैट में 1 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई है और 10 साल पुराने 25 हजार रुपये तक के लंबित वैट मामलों को माफ कर दिया गया है, जिससे 40 हजार व्यापारियों को सीधा लाभ मिला है।

नई औद्योगिक नीति से निवेश का सैलाब
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नई औद्योगिक नीति के कारण प्रदेश में साढ़े चार लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं। नवा रायपुर में सेमीकंडक्टर प्लांट की स्थापना का भूमि पूजन हो चुका है। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु में आयोजित इन्वेस्टर मीट में उद्योगपतियों ने छत्तीसगढ़ में निवेश को लेकर उत्साह दिखाया है।
उन्होंने चैंबर पदाधिकारियों से राज्य सरकार की औद्योगिक नीति का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह भी किया।
आर्थिक प्रगति का प्रतीक बना छत्तीसगढ़
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। किसानों से रिकॉर्ड धान खरीदी, दो वर्षों का बोनस वितरण और बढ़ता हुआ बजट इसका प्रमाण है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में देश में सबसे अधिक ऑटोमोबाइल बिक्री हो रही है।
पूर्व राज्यपाल श्री रमेश बैस ने कहा कि सरकार और उद्योग जगत दोनों मिलकर प्रदेश के विकास की गति को आगे बढ़ा रहे हैं। सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने व्यापार जगत की एकता की प्रशंसा करते हुए गर्मियों में पब्लिक सेवा के लिए पना, पानी और मठा वितरण का आग्रह किया।
इस अवसर पर संत साईं उदय शदाणी, अम्मा महंत मीरा देवी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, निगम-मंडलों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
