भारत-ब्राजील कृषि सहयोग को नई गति: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की ब्राजील यात्रा रही सफल
ब्रासीलिया/साओ पाउलो। भारत के केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की ब्राजील यात्रा कृषि, तकनीकी नवाचार और द्विपक्षीय संबंधों के लिहाज से बेहद सफल और महत्वपूर्ण रही।

ब्राजील के कृषि एवं पशुधन मंत्री श्री कार्लोस हेनरिक बैकेटा फेवरो और कृषि विकास एवं पारिवारिक कृषि मंत्री श्री लुईज पाउलो टेक्सेरा के साथ श्री चौहान की द्विपक्षीय बैठकों में कृषि, कृषि-प्रौद्योगिकी, ग्रामीण विकास और खाद्य सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।
साओ पाउलो में उन्होंने ब्राजील के कृषि व्यवसाय समुदाय के 27 प्रमुख प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान कृषि व्यापार, उत्पादन तकनीक, खाद्य प्रसंस्करण, जैव ईंधन, तकनीकी नवाचार और आपूर्ति श्रृंखला एकीकरण के क्षेत्रों में संभावित सहयोग पर विस्तार से चर्चा हुई।

श्री चौहान ने ब्राजील के सोयाबीन उत्पादन प्लांट, टमाटर के खेतों और विभिन्न संस्थानों का दौरा कर वहां की उन्नत मैकेनाइजेशन, सिंचाई व्यवस्था और फूड प्रोसेसिंग तकनीकों को निकट से देखा। उन्होंने बताया कि ब्राजील में लगभग 100% मैकेनाइजेशन है, जिससे भारत को काफी प्रेरणा मिल सकती है।
भारत वर्तमान में सोया तेल का आयात करता है, लेकिन इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच सोयाबीन उत्पादन, प्रोसेसिंग, तकनीकी सहयोग और निवेश को लेकर नई संभावनाओं की तलाश शुरू हुई है। साथ ही बीज अनुसंधान और मैकेनाइजेशन में भी आपसी सहयोग पर जोर दिया गया।

ब्राजील प्रवास के दौरान श्री चौहान ने अपने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को भी जारी रखा और ब्रासीलिया स्थित भारतीय दूतावास में पौधरोपण किया। उन्होंने साओ पाउलो में भारतीय प्रवासियों से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों में उनकी भूमिका की सराहना की।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह आजादी का अमृतकाल है। वर्ष 2047 में जब भारत को स्वतंत्र हुए 100 वर्ष पूरे होंगे, तब तक एक संपूर्ण विकसित राष्ट्र बनाना हमारा लक्ष्य है।”
चौहान ने इस यात्रा को भारत-ब्राजील कृषि सहयोग, ब्रिक्स देशों के साथ साझेदारी और भारतीय कृषि में नवाचार व टिकाऊ विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सहयोग से भारत के किसान सशक्त होंगे और वैश्विक खाद्य सुरक्षा को नई दिशा मिलेगी।

