छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के युवा पर्वतारोही खेमराज साहू ने एक बार फिर प्रदेश का मान बढ़ाया है। भारी बर्फबारी और प्रशासनिक प्रतिबंधों के बीच उन्होंने हिमाचल प्रदेश के मनाली स्थित पतालसू पीक पर तिरंगा फहराते हुए ‘राजिम कुंभ कल्प मेला 2026’ का प्रचार किया।
माइनस 6 डिग्री में साहसिक आरोहण
जानकारी के अनुसार खेमराज साहू कुल्लू जिले के सोलंग वैली गांव से ट्रैकिंग के लिए निकले थे। पतालसू पीक की कुल ऊंचाई लगभग 13,900 फीट बताई जाती है, लेकिन 3 फरवरी 2026 को अत्यधिक बर्फबारी के चलते ऊंचाई वाले ट्रैक पर प्रशासन ने प्रतिबंध लगा दिया था। रास्ते में 8 से 10 फीट तक जमी बर्फ ने चढ़ाई को और कठिन बना दिया।
इसके बावजूद प्रशिक्षित माउंटेनियर के मार्गदर्शन में खेमराज और उनकी टीम ने शगाडुग के जंगलों से होते हुए कठिन ट्रैक पूरा किया। मौसम की प्रतिकूलता को देखते हुए उन्होंने करीब 9,000 फीट की ऊंचाई पर माइनस 6 डिग्री तापमान में तिरंगा लहराकर सफल आरोहण का संदेश दिया।
‘राजिम कुंभ कल्प मेला 2026’ का संदेश पहुंचाया हिमालय तक
ट्रैकिंग के दौरान खेमराज साहू ने राजिम कुंभ कल्प मेला का प्रचार किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी की छायाप्रति और तिरंगा ध्वज के साथ फोटो साझा कर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया।
पहले भी कर चुके हैं राज्य का प्रतिनिधित्व
गरियाबंद जिले के पोड़ गांव निवासी खेमराज साहू इससे पहले वर्ष 2023 में केदारकंठा (उत्तराखंड) की लगभग 12,500 फीट ऊंची चोटी पर भी चढ़ाई कर चुके हैं। उस दौरान भी उन्होंने छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों का प्रचार किया था। उनका नाम World Wide Book of Records में दर्ज है।
इसके अलावा 2023 में उन्होंने रायपुर से गरियाबंद तक साइकिल यात्रा कर राजिम माघी पुन्नी मेले का प्रचार-प्रसार किया था।
खेमराज साहू की यह उपलब्धि न केवल साहस और जुनून की मिसाल है, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देने का प्रयास भी है।
