राज्यपाल श्री रमेन डेका ने आज कोरिया जिले के प्रवास के दौरान बैकुंठपुर स्थित शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सम्भाग की पहली स्पेस एजुकेशन लैब का लोकार्पण किया। यह अत्याधुनिक प्रयोगशाला भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के नाम पर समर्पित की गई है।
डीएमएफ मद के सहयोग से स्थापित यह लैब विद्यार्थियों में अंतरिक्ष, भौतिकी, भूगोल और प्रौद्योगिकी के प्रति रुचि बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने छात्राओं से लैब की तकनीकी जानकारियाँ लीं। कक्षा 9वीं की अनुजा ने ऐरोहब मॉडल का प्रदर्शन किया, जबकि कक्षा 12वीं की उन्नति ने वर्चुअल रियलिटी के उपयोग को समझाया। अन्य छात्राओं ने भी अंतरिक्ष से संबंधित मॉडलों और उपकरणों का जीवंत प्रदर्शन किया।

राज्यपाल श्री डेका ने छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि “आज का युग विज्ञान का युग है, विज्ञान से होने वाले लाभ और उसके प्रभाव से कोई इंकार नहीं कर सकता।” उन्होंने इस पहल की प्रशंसा करते हुए जिला प्रशासन को बधाई दी और लैब के लिए ड्रोन, स्मार्ट बोर्ड एवं प्रोजेक्टर उपलब्ध कराने की घोषणा की।
