साहू समाज का सामूहिक विवाह सामाजिक उत्थान की अनुकरणीय मिसाल : मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज गरियाबंद जिले के राजिम त्रिवेणी संगम में आयोजित भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्री राजीव लोचन एवं भक्त माता राजिम की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं समाज की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भक्त माता राजिम एवं माता कर्मा द्वारा दिए गए संदेश मानव समाज के लिए अत्यंत कल्याणकारी हैं। उन्होंने कहा कि हमें उनके आदर्शों और संदेशों का अनुसरण कर सामाजिक समरसता और सेवा भाव को मजबूत करना चाहिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने साहू सृजन पत्रिका का विमोचन भी किया। साहू समाज द्वारा मुख्यमंत्री का गजमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
साहू समाज समृद्ध, शिक्षित और संगठित समाज : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री साय ने भक्त माता राजिम जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साहू समाज एक समृद्ध, शिक्षित और संगठित समाज है, जिसका इतिहास गौरवशाली रहा है। उन्होंने कहा कि समाज को दानवीर भामाशाह और बाबा सत्यनारायण जी का आशीर्वाद प्राप्त है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब समाज संगठित होता है, तो न केवल समाज बल्कि प्रदेश और देश भी सशक्त एवं समृद्ध बनता है।
सामूहिक विवाह सामाजिक सुधार की प्रेरक पहल
मुख्यमंत्री श्री साय ने साहू समाज द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम को सामाजिक उत्थान की अनुकरणीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि भक्त माता राजिम ने जिस साहू समाज को अपने परिश्रम और त्याग से संगठित किया, वह समाज आज शिक्षा, कृषि, व्यापार एवं अन्य सभी क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है।
31 मार्च तक बस्तर को नक्सल मुक्त करने का संकल्प
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार राजिम माता के आशीर्वाद से जनता से किए गए हर वादे को पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज, वन और उर्वरा भूमि से संपन्न राज्य है।
उन्होंने कहा कि नक्सलवाद राज्य के विकास में बाधा रहा है, लेकिन अब सुरक्षाबल पूरी ताकत से नक्सलियों का मुकाबला कर रहे हैं। सरकार का संकल्प है कि 31 मार्च तक बस्तर को नक्सल मुक्त किया जाएगा।
धर्मध्वजा स्थापना का पुण्य अवसर
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज सिरकट्टी आश्रम में भव्य श्रीरामजानकी मंदिर में धर्मध्वजा की स्थापना का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि जैसे अयोध्या धाम में धर्मध्वजा स्थापित की गई, उसी परंपरा के तहत कुटेना क्षेत्र में भी धर्मध्वजा स्थापना हुई है।
उपमुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के विचार
उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि साहू समाज एक अनुशासित और संगठित समाज के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि त्रिवेणी संगम की इस पावन धरती से हम सभी समाज के विकास के लिए प्रेरणा लेकर जाएंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि राजिम त्याग, तपस्या, साधना और श्रम की भूमि है। उन्होंने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा और संस्कार दोनों आवश्यक हैं तथा हमें अपने पूर्वजों के योगदान को सदैव स्मरण रखना चाहिए।
इस अवसर पर साहू समाज के प्रतिनिधिगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
