तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश, श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो
रायपुर, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने आज महानदी भवन, नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में राजिम कुंभ (कल्प) मेला-2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने गरियाबंद जिले के त्रिवेणी संगम पर 1 से 15 फरवरी तक आयोजित होने वाले इस विशाल धार्मिक आयोजन को पूर्ण गरिमा, दिव्यता और भव्यता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।
मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध, समन्वित और पारदर्शी ढंग से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए और सभी तैयारियां 1 फरवरी से पहले पूरी कर ली जाएं।
बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, लाखों श्रद्धालुओं के संगम स्नान के लिए पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती, जल प्रबंधन, यातायात एवं आवागमन सुविधा, सड़क, पार्किंग, शटल सेवा, संत-महात्माओं के लिए विश्राम गृह, कांवड़ियों हेतु शेड, चिकित्सा एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं, दाल-भात केंद्र, पेयजल व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भक्ति संगीत, लोकनृत्य, अखाड़ा जुलूस, मीना बाजार सहित अन्य सभी पहलुओं की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर गरियाबंद बी.एस. उइके द्वारा पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अब तक की गई तैयारियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी गई।
समीक्षा बैठक में महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक रोहित साहू एवं इंदर साहू, धर्मस्व विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, रायपुर संभाग आयुक्त महादेव कावरे, कलेक्टर गरियाबंद बी.एस. उइके सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
