रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने शनिवार को राजधानी रायपुर में आयोजित स्वनिधि महोत्सव में स्ट्रीट वेंडर्स के साथ आत्मीयता से समय बिताया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्ट्रीट वेंडर्स द्वारा लगाए गए फूड स्टॉल का भ्रमण किया और एक पथ विक्रेता के हाथों बनी चाय का स्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने मिट्टी के कुल्हड़ में चाय की चुस्कियां लेते हुए विक्रेताओं से उनके व्यवसाय और पीएम स्वनिधि योजना से मिल रहे लाभों की जानकारी भी ली।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) की ओर से आयोजित इस महोत्सव में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्ट्रीट वेंडर्स के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने उनके कारोबार, आर्थिक स्थिति और योजना के अनुभवों के बारे में जानकारी ली। कार्यक्रम के बाद उन्होंने महिला पथ विक्रेताओं के साथ बैठकर लंच भी किया।
10 हजार के ऋण से शुरू किया कारोबार, अब 50 हजार तक पहुंचा लाभ
स्वनिधि महोत्सव में धमतरी के दिलीप यादव ने उप मुख्यमंत्री के साथ अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत शुरुआत में उन्हें 10 हजार रुपये का ऋण मिला था। समय पर किस्तों का भुगतान करने के बाद उन्होंने दूसरे चरण में 20 हजार रुपये और तीसरे चरण में 50 हजार रुपये का ऋण लिया।
दिलीप यादव ठेले पर प्लास्टिक के सामान बेचने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि योजना से मिले आर्थिक सहयोग के कारण उनके व्यवसाय का विस्तार हुआ है और परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया है।
सिलाई के काम को मिला नया विस्तार
फिंगेश्वर की सुशीला श्रीवास्तव ने भी उप मुख्यमंत्री अरुण साव के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि वे सिलाई का काम करती हैं। पीएम स्वनिधि योजना के पहले चरण में मिले 10 हजार रुपये के ऋण को समय पर चुकाने के बाद उन्होंने अपना काम बढ़ाने के लिए दूसरे चरण में 20 हजार रुपये और तीसरे चरण में 50 हजार रुपये का ऋण लिया।
सुशीला श्रीवास्तव ने बताया कि योजना से मिली आर्थिक मदद ने उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर हुई है और अब वे पहले से अधिक आत्मनिर्भर होकर जीवनयापन कर रही हैं।
स्वरोजगार को बढ़ावा देने में पीएम स्वनिधि की अहम भूमिका
स्वनिधि महोत्सव के माध्यम से स्ट्रीट वेंडर्स को मिलने वाली आर्थिक सहायता और उनके स्वरोजगार के प्रयासों को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में सामने आई लाभार्थियों की कहानियों ने बताया कि समय पर ऋण चुकाने और दोबारा ऋण प्राप्त करने की सुविधा से छोटे कारोबारियों को अपना व्यवसाय बढ़ाने में मदद मिल रही है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पथ विक्रेताओं से संवाद कर योजना का फीडबैक भी लिया।
