नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से जारी तनाव के बीच एक अहम कूटनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। पाकिस्तान ने नई दिल्ली में 20 से 22 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के ‘सभ्यतागत संवाद मंच’ में हिस्सा लेने पर सहमति जताई है। पाकिस्तान सरकार ने इस कार्यक्रम में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मामलों के संघीय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक को नामित किया है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान में इसकी पुष्टि की गई है। बयान के अनुसार, डॉ. मुसादिक मसूद मलिक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले SCO सिविलाइज़ेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस कार्यक्रम में संगठन के सदस्य देशों के प्रतिनिधि शामिल होकर सांस्कृतिक समझ, सभ्यताओं के बीच संवाद और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने पर चर्चा करेंगे।
पाकिस्तान ने आपसी सम्मान और संवाद पर दिया जोर
पाकिस्तान सरकार ने अपने बयान में कहा है कि वह SCO के ढांचे के भीतर आपसी सम्मान की भावना के साथ सभ्यताओं के बीच संवाद को प्रोत्साहित करने और लोगों के बीच आपसी संपर्क मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा तनावपूर्ण संबंधों को देखते हुए इस बैठक में पाकिस्तानी मंत्री की भागीदारी को महत्वपूर्ण कूटनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।
भारत ने सभी सदस्य देशों को भेजा निमंत्रण
भारत की ओर से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में SCO के सभी 10 सदस्य देशों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा संवाद साझेदारों और पर्यवेक्षक देशों को भी इसमें शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी मीडिया ब्रीफिंग के दौरान नई दिल्ली में होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि SCO सदस्य देशों सहित कई देशों को सभ्यतागत संवाद मंच में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। भारत इस आयोजन की मेजबानी करने और इसमें शामिल होने वाले प्रतिनिधिमंडलों का स्वागत करने के लिए उत्सुक है।
राजनाथ सिंह ने की थी मंच की घोषणा
इससे पहले 20 अक्टूबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत की ओर से पहले SCO सभ्यतागत संवाद मंच की मेजबानी किए जाने की घोषणा की थी। उन्होंने सभी सदस्य देशों को इस पहल में शामिल होने का निमंत्रण दिया था।
इस मंच का मुख्य उद्देश्य यूरेशिया क्षेत्र के देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, सभ्यताओं की विविधता को समझने और आपसी संबंधों को मजबूत करना है। ऐसे में 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में होने वाला यह आयोजन भारत और SCO सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक एवं कूटनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
