राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से सटे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने टव्वे जंगल क्षेत्र में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में विस्फोटक और नक्सली सामग्री बरामद की है। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से संभावित बड़ी घटना को टालने में सफलता मिली है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गढ़चिरौली जिले के गैरापत्ती थाना क्षेत्र के टव्वे जंगल में नक्सलियों ने विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में विशेष सर्च अभियान शुरू किया गया।
अभियान में विशेष अभियान दल गढ़चिरौली और प्राणहिता की चार टुकड़ियों के साथ बम निरोधक एवं पहचान दस्ते (BDDS) की दो टीमें शामिल की गईं। सभी टीमों ने जंगल के दुर्गम और घने इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया।
काफी देर तक चली तलाशी के दौरान जवानों को जमीन के नीचे दबाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री का पता चला। पुलिस ने सावधानीपूर्वक सामग्री को बरामद किया। जब्त सामान में 11 कुकर, कॉर्टेक्स वायर के तीन बंडल (करीब 100 फीट), 3 किलो गन पाउडर, चार डेटोनेटर, एक बैटरी, 250 ग्राम पटाखा बारूद, चार स्टील कंटेनर, आठ वायर बंडल और एक सोलर प्लेट सहित अन्य नक्सली सामग्री शामिल है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नक्सली इस तरह की विस्फोटक सामग्री को जंगलों में पहले से छिपाकर रखते हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर इसका इस्तेमाल सुरक्षा बलों पर हमले के लिए किया जा सके। विशेष रूप से नक्सल सप्ताह और चुनाव के दौरान ऐसी सामग्री का इस्तेमाल करने की आशंका रहती है।
पुलिस की सतर्कता और समय पर चलाए गए सर्च ऑपरेशन के चलते नक्सलियों की इस साजिश को नाकाम करने में सफलता मिली है। बरामद विस्फोटक सामग्री को लेकर पुलिस आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
