रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा को मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिलने के बाद कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। इस फैसले से प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
6 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके आश्रित परिजनों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा को मंत्रिपरिषद की मंजूरी दिए जाने पर मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।
फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित प्रमुख मांग रही है। सरकार के इस निर्णय से विशेष रूप से गंभीर बीमारियों और आकस्मिक चिकित्सा परिस्थितियों में कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को काफी राहत मिलेगी।
अब इलाज के दौरान कर्मचारियों को पहले बड़ी रकम की व्यवस्था करने और उसके बाद चिकित्सा प्रतिपूर्ति की लंबी प्रक्रिया से गुजरने जैसी परेशानियों में कमी आने की उम्मीद है। इस सुविधा से लाखों शासकीय सेवकों और उनके आश्रित परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिल सकेगी।
मुलाकात के दौरान फेडरेशन के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को फेडरेशन की ओर से आयोजित होने वाले अभिनंदन समारोह में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।
इस अवसर पर पंकज पाण्डेय, सत्येंद्र देवांगन, अश्वनी चेलक, जय कुमार साहू, पीताम्बर पटेल, आलोक मिश्रा और संतोष कुमार वर्मा सहित फेडरेशन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
