ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में स्लीपर बस आग की चपेट में आ गई। दिल्ली के कश्मीरी गेट से उत्तर प्रदेश के महोबा जा रही बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में एक महिला समेत 9 यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि करीब 26 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्र के मुताबिक, बस में करीब 35 यात्री सवार थे। आग लगते ही बस के अंदर धुआं भर गया, जिससे कई यात्रियों को बाहर निकलने में परेशानी हुई। कुछ यात्री धुएं के कारण बेहोश हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में भर्ती यात्रियों की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बचाव दल ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। इसके अलावा गैस कटर की मदद से बस को काटकर अंदर फंसे यात्रियों और शवों को बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार, हादसे में मृत कुछ यात्रियों की पहचान कर ली गई है, जबकि अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस और प्रशासन की टीमें हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं। हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
