स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं संविधान निर्मात्री सभा के पूर्णकालिक सदस्य बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल की पुण्य स्मृति में आयोजित दो दिवसीय स्मृति समारोह के तहत जांजगीर के सी-मार्ट परिसर (कचहरी चौक) और कृषि विज्ञान केंद्र जर्वे (च) में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सी-मार्ट परिसर में विधिक संगोष्ठी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों, स्कूली छात्र-छात्राओं और छत्तीसगढ़ी लोक कलाकारों ने देशभक्ति, सामाजिक सरोकार और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। स्कूली विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में उत्साह, आत्मविश्वास और प्रतिभा की झलक देखने को मिली। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान दर्शकों ने कलाकारों और विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
विधिक संगोष्ठी में नागरिकों को कानूनी अधिकारों की जानकारी
समारोह के अंतर्गत आयोजित विधिक संगोष्ठी में नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान विभिन्न कानूनों, निःशुल्क विधिक सहायता, नागरिक अधिकारों और संबंधित योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
संगोष्ठी में मौजूद नागरिकों ने विधिक विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। आयोजन का उद्देश्य लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ जरूरतमंदों तक कानूनी सहायता की जानकारी पहुंचाना रहा।
भरतनाट्यम प्रस्तुति से सान्वी ने जीता दर्शकों का दिल
कार्यक्रम में जय भारत स्कूल जांजगीर की कक्षा तीसरी की छात्रा कु. सान्वी वी. यादव ने शानदार भरतनाट्यम प्रस्तुति दी। पारंपरिक वेशभूषा, भाव-भंगिमाओं और आत्मविश्वास से भरपूर उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।
कम उम्र में सान्वी की कला प्रतिभा और मंचीय आत्मविश्वास ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनकी प्रस्तुति के बाद दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। स्मृति समारोह में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने स्थानीय लोक संस्कृति, देशभक्ति और नई पीढ़ी की प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान किया।
