छत्तीसगढ़ सरकार युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कौशल विकास, रोजगार, उच्च शिक्षा, उद्यमिता और खेल के क्षेत्र में अवसरों का विस्तार कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।
Skill Development: 18 हजार 330 युवाओं को प्रशिक्षण
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत प्रदेश के 26 जिलों में अब तक करीब 18 हजार 330 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इस पर लगभग 29 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। आगामी चरण में 35 हजार और युवाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। कौशल विकास के लिए राज्य सरकार ने 75 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
Government Jobs: 9 हजार पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया
युवा केंद्रित योजनाओं के साथ सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता पर भी जोर दिया जा रहा है। राज्य में करीब 9 हजार रिक्त सरकारी पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
क्लास-3 और क्लास-4 के पदों पर भर्ती प्रक्रिया को एकीकृत, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए नए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल का गठन किया गया है।
CG-ACE: प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग
युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता देने के लिए CG-ACE पहल शुरू की गई है। इसके तहत NEET, CLAT, JEE, UPSC, CGPSC, बैंकिंग, SSC और रेलवे सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए 33 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
Higher Education: उच्च शिक्षा के बजट में करीब 50 प्रतिशत की वृद्धि
सरकार की युवा विकास रणनीति में उच्च शिक्षा को भी प्रमुख स्थान दिया गया है। उच्च शिक्षा के बजट में करीब 50 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए वर्ष 2025-26 में इसे बढ़ाकर 1,822.75 करोड़ रुपये किया गया है।
जशपुर, रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार और रायगढ़ के पांच सरकारी कॉलेजों को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा आईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों की तर्ज पर कवर्धा, जशपुर, रायगढ़ और जगदलपुर में छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (CGIT) विकसित किए गए हैं। आने वाले समय में रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में भी इनके विस्तार की योजना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवा छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत और भविष्य की उम्मीद हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक युवा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल, अवसर और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध हो। युवा सशक्तीकरण विकसित छत्तीसगढ़ के विजन का केंद्र है।
