रायपुर, छत्तीसगढ़ सरकार की अटल आरोग्य लैब योजना सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। रायगढ़ के किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय में संचालित अटल आरोग्य लैब से मरीजों को 134 प्रकार की चिकित्सा जांच की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
बीते दो माह में 6 हजार 44 मरीजों ने इस लैब की सुविधा का लाभ उठाया है। इस दौरान कुल 25 हजार 835 जांचें पूरी की गई हैं। निःशुल्क जांच की सुविधा से मरीजों को निजी पैथोलॉजी सेंटरों पर होने वाले खर्च से राहत मिल रही है। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित हो रही है।
134 प्रकार की जांच की सुविधा
जिला चिकित्सालय स्थित अटल आरोग्य लैब में 134 प्रकार की विभिन्न चिकित्सा जांच उपलब्ध हैं। इससे मरीजों को जरूरी जांच के लिए निजी लैब का सहारा लेने की जरूरत कम हुई है। मरीजों को एक ही स्थान पर आवश्यक जांच की सुविधा मिलने से समय और धन दोनों की बचत हो रही है।
जिले में ही मिल रही आधुनिक जांच सुविधा
अटल आरोग्य लैब योजना का उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक और विश्वसनीय जांच सुविधाओं का विस्तार करना है। इसके जरिए मरीजों को उपचार के लिए जरूरी जांच अपने जिले में ही उपलब्ध कराई जा रही है। ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों से जिला चिकित्सालय पहुंचने वाले मरीजों को भी इसका लाभ मिल रहा है।
डिजिटल माध्यम से मिल रही जांच रिपोर्ट
लैब में जांच प्रक्रिया को आधुनिक और सुविधाजनक बनाया गया है। जांच के बाद रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से मरीजों तक पहुंचाने की व्यवस्था है। इससे मरीजों को रिपोर्ट लेने के लिए बार-बार अस्पताल आने की जरूरत नहीं पड़ती। वहीं चिकित्सकों को समय पर रिपोर्ट उपलब्ध होने से उपचार प्रक्रिया भी तेज होती है।
अटल आरोग्य लैब के माध्यम से सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में जांच सुविधाओं का विस्तार होने से मरीजों को एक ही स्थान पर जांच, समय पर रिपोर्ट और बेहतर उपचार की सुविधा मिल रही है। निःशुल्क जांच से आर्थिक बोझ कम होने के साथ मरीजों का समय भी बच रहा है।
