रायपुर, छत्तीसगढ़ की लोक कला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा लोक कलाकारों को आर्थिक संबल देने के उद्देश्य से संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय ने मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक कलाकार 31 अगस्त 2026 तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं।
योजना के तहत नृत्य-संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीतकार, वाद्ययंत्र वादन, शिल्प कला, पारंपरिक छत्तीसगढ़ी पाक कला और छत्तीसगढ़ी सौंदर्यकला से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजना होगा। आवेदन प्रपत्र विभाग की वेबसाइट के साथ संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, नया रायपुर स्थित कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं।
चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष न्यूनतम 12 हजार रुपये से अधिकतम 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि ई-पेमेंट के माध्यम से दी जाएगी। योजना का लाभ लेने के लिए चिन्हारी पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य है। इसके साथ ही कलाकार की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन के साथ सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र, बैंक खाते का विवरण, आईएफएससी कोड और पैन कार्ड की छायाप्रति संलग्न करना आवश्यक है।
आवेदन इस पते पर भेजे जा सकते हैं: संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, व्यावसायिक परिसर, द्वितीय तल, सेक्टर-27, नया रायपुर, अटल नगर (छत्तीसगढ़)-492018।
आवेदन वाले लिफाफे पर “मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026” स्पष्ट रूप से अंकित करना होगा। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण समिति द्वारा किया जाएगा और समिति का निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा।
