कबीरधाम जिले के नेउर गांव की तीन प्रतिभाशाली बहनों किरण, ज्योति और सुमन महोबिया ने इस वर्ष NEET परीक्षा उत्तीर्ण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। तीनों बहनों की सफलता की जानकारी मिलने पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने नेउर गांव पहुंचकर उनके घर पर मुलाकात की और उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री ने छात्राओं की माता श्रीमती भगवती महोबिया, पिता श्री राम महोबिया और अन्य परिजनों से भी मुलाकात कर तीनों बेटियों की सफलता के लिए पूरे परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार की तीन बहनों का एक साथ मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफल होना पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है। यह उपलब्धि क्षेत्र और जिले के अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
श्री शर्मा ने कहा कि एक ही घर में रहकर तीनों बहनों ने NEET जैसी कठिन परीक्षा की तैयारी की और सफलता हासिल की, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि नियमित मेहनत, सही दिशा और दृढ़ संकल्प के साथ सीमित संसाधनों के बीच भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। तीनों बहनों की सफलता गांव और घर पर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
मेडिकल की पढ़ाई में पूरी मेहनत करने की दी सलाह
मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री ने तीनों छात्राओं से उनकी स्कूली शिक्षा, NEET की तैयारी और आगामी काउंसलिंग प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से कहा कि मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के बाद पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई करें तथा अपने माता-पिता और परिवार के सपनों को अपनी उपलब्धियों के माध्यम से पूरा करें।
डॉक्टर बनकर समाज और क्षेत्र की सेवा करें
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने छात्राओं को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉक्टर के रूप में शिक्षा पूरी करने के बाद अच्छे संस्थानों और अस्पतालों में कार्य कर अनुभव प्राप्त करें। साथ ही अपने क्षेत्र और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव बनाए रखें। उन्होंने कहा कि अपनी शिक्षा और अनुभव का उपयोग जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए करने का प्रयास करें, ताकि उनकी सफलता का लाभ समाज और स्थानीय लोगों तक भी पहुंचे।
घर पर ऑनलाइन तैयारी कर हासिल की सफलता
तीनों बहनों ने घर पर रहकर ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से NEET परीक्षा की तैयारी की। पढ़ाई के दौरान उन्होंने एक-दूसरे का सहयोग किया और लगातार अपने लक्ष्य की ओर बढ़ती रहीं। ज्योति और सुमन ने अपने पहले ही प्रयास में NEET परीक्षा उत्तीर्ण की। दोनों ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बोड़ला से स्कूली शिक्षा पूरी की है। वहीं बड़ी बहन किरण ने दूसरे प्रयास में सफलता हासिल की और उन्होंने सरस्वती शिशु मंदिर, पांडातराई से अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री विदेशी राम धुर्वे सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
