कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सितंबर से शुरू होने वाले अपने देशव्यापी ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान का एजेंडा जारी किया है। छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के बाद पार्टी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य युवाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और आकांक्षाओं को समझना है। अभियान के दौरान प्राप्त सुझावों के आधार पर ‘यूथ रिफॉर्म चार्टर’ तैयार किया जाएगा।
पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास ने कहा कि फिलहाल संगठन का उद्देश्य चुनावी वादे करना नहीं, बल्कि लोगों की बात सुनना है। उन्होंने बताया कि शिक्षा सुधार, बेरोज़गारी, संस्थागत जवाबदेही और नागरिक समाज के संगठनों के साथ सहयोग अभियान की प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी। उनके अनुसार, लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही सुनिश्चित करना और सामाजिक बदलाव के लिए विभिन्न संगठनों के साथ मिलकर काम करना आवश्यक है।
पार्टी के अनुसार, अभियान चार प्रमुख विषयों पर केंद्रित रहेगा। इनमें प्राथमिक से उच्च शिक्षा तक सुधार, शिक्षा और रोजगार के बीच बेहतर समन्वय, मीडिया, निर्वाचन आयोग और न्यायपालिका सहित संस्थाओं की जवाबदेही तथा छात्र संगठनों और नागरिक समाज के समूहों के साथ सहयोग शामिल है।
CJP ने बताया कि 1 सितंबर से पार्टी नेतृत्व देशभर का दौरा करेगा और विभिन्न राज्यों में लोगों से संवाद करेगा। इसके साथ ही सदस्यता अभियान भी शुरू किया जाएगा, जिसमें छात्रों, युवा पेशेवरों, श्रमिकों और अन्य नागरिकों से जुड़ने की अपील की गई है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि फिलहाल वह किसी भी प्रकार का सार्वजनिक चंदा स्वीकार नहीं कर रही है और लोगों से उसके नाम पर धन मांगने वालों से सतर्क रहने को कहा है।
सौरव दास ने दोहराया कि समर्थकों की मांग के बावजूद संगठन की तत्काल चुनावी राजनीति में उतरने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि CJP फिलहाल एक ‘जन दबाव समूह’ के रूप में काम करते हुए जनजागरण, लोकतांत्रिक सुधार और नागरिकों के साथ संवाद पर अपना ध्यान केंद्रित रखेगी।
पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा कि बढ़ती शिक्षा लागत और युवाओं में बढ़ती बेरोज़गारी अभियान के प्रमुख मुद्दे होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन शिक्षा सुधार, युवाओं के रोजगार और सामाजिक मुद्दों पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर काम करेगा तथा अपनी वैचारिक प्रेरणा भारतीय संविधान और डॉ. भीमराव आंबेडकर, महात्मा गांधी एवं जवाहरलाल नेहरू के विचारों से लेगा।
