रायपुर , एम जी एम हायर सेकेंडरी स्कूल, गायत्री नगर में छात्र नेतृत्व और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छात्रसंघ पदभार एवं शपथ ग्रहण समारोह के साथ पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।
प्राचार्य डॉ. लीना आर. जैकब ने मुख्य अतिथि डॉ. अर्चना झा (डीसीपी, ट्रैफिक पुलिस, रायपुर), विशिष्ट अतिथि सीमा अहिरवार (एसीपी, ट्रैफिक पुलिस), विद्यालय प्रबंधन के उपाध्यक्ष फादर जोस मैथ्यू, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर विद्यालय के गायक दल ने स्वागत गीत और प्राथमिक वर्ग के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्रसंघ पदभार एवं शपथ ग्रहण समारोह रहा। नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को बैज एवं सैश पहनाकर पदभार सौंपा गया। सभी छात्र नेताओं ने ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा विद्यालय की गरिमा बनाए रखने की शपथ ली।
फादर जोस मैथ्यू ने विद्यार्थियों को जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ नेतृत्व करने की प्रेरणा दी। मुख्य अतिथि डॉ. अर्चना झा ने अपने संबोधन में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम वर्क और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए इन मूल्यों को जीवन में अपनाना आवश्यक है।
डॉ. अर्चना झा और सीमा अहिरवार ने विद्यार्थियों के लिए सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों पर विशेष जागरूकता सत्र भी आयोजित किया। इस दौरान खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा 7 के छात्र अथर्व पांडे को थाईलैंड में आयोजित इंटरनेशनल पिकलबॉल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने पर सम्मानित किया गया, जबकि कक्षा 12 की छात्रा शिफा ख्वाजा को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पौधारोपण अभियान में अतिथियों और विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
