रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ के समग्र विकास, बस्तर के परिवर्तन और राज्य की प्रमुख अधोसंरचना एवं औद्योगिक परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बस्तर के विकास का रोडमैप प्रस्तुत करते हुए राजनांदगांव में गैस आधारित यूरिया परियोजना, 461 गांवों को स्थायी बिजली ग्रिड से जोड़ने और ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद (AIIA) की स्थापना के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सुरक्षा, विश्वास और विकास की रणनीति के चलते बस्तर में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रेल, बिजली, हवाई संपर्क, पर्यटन और आजीविका के क्षेत्र में तेजी से बदलाव आया है। राज्य सरकार का लक्ष्य इस परिवर्तन को स्थायी बनाते हुए बस्तर को विकास की मुख्यधारा से पूरी तरह जोड़ना है।
मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव में प्रस्तावित लगभग 10,500 करोड़ रुपये की गैस आधारित यूरिया परियोजना को शीघ्र मंजूरी देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि परियोजना के लिए भूमि उपलब्ध कराई जा चुकी है और आवश्यक राज्य स्तरीय स्वीकृतियां भी पूरी हो चुकी हैं। इससे किसानों को उर्वरक की बेहतर उपलब्धता के साथ औद्योगिक निवेश और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बस्तर सहित संवेदनशील क्षेत्रों के 461 गांवों को स्थायी विद्युत ग्रिड से जोड़ने के लिए विशेष सहायता मांगी। वर्तमान में इन गांवों में ऑफ-ग्रिड माध्यम से बिजली आपूर्ति की जा रही है। स्थायी बिजली व्यवस्था से शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और स्थानीय रोजगार के अवसरों को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने रायपुर अथवा बस्तर में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद की स्थापना का भी प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की औषधीय वनस्पतियों और पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी तथा चिकित्सा, अनुसंधान और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने’ जैसी योजनाओं के माध्यम से बस्तर संभाग के 5,542 गांवों के लगभग 39 लाख लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। राशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास, जनधन और वनाधिकार जैसी योजनाओं की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बंद पड़े 421 स्कूलों को दोबारा शुरू किया गया है। दंतेवाड़ा मॉडल पर ओरछा और जगरगुंडा में नई एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है, जिससे जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और आवासीय सुविधाएं मिल सकें।
स्वास्थ्य क्षेत्र में ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत अब तक 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है। जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं का विस्तार, गीदम मेडिकल कॉलेज और नए स्वास्थ्य संस्थानों पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 3,513 करोड़ रुपये की लागत वाली जगदलपुर-रावघाट रेललाइन परियोजना, रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे और इंद्रावती नदी पर प्रस्तावित बैराज जैसी परियोजनाएं बस्तर की कनेक्टिविटी और सिंचाई व्यवस्था को नई मजबूती देंगी।
उन्होंने कहा कि बस्तर दशहरा को वैश्विक पर्यटन ब्रांड बनाने, चित्रकोट और तीरथगढ़ जैसे पर्यटन स्थलों का विकास तथा बस्तर ओलंपिक में 4 लाख से अधिक युवाओं की भागीदारी ने क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव का माहौल तैयार किया है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 लागू होने के बाद राज्य को लगभग 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। एआई डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, हाइपरस्केल डेटा सेंटर, ग्लोबल बीपीओ, इलेक्ट्रॉनिक्स, गारमेंट और चॉकलेट मैन्युफैक्चरिंग जैसे नए क्षेत्रों में निवेश आ रहा है।
उन्होंने कहा कि नीति आयोग के इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स में नियामकीय सुगमता और संस्थागत वातावरण के मामले में छत्तीसगढ़ को देश में पहला स्थान मिला है। ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस एक्ट-2026’ के जरिए निवेशकों के लिए पारदर्शी और समयबद्ध व्यवस्था लागू की गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 10.42 लाख महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और अगले चरण में 14 लाख और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वर्ष 2027 में रायपुर में प्रस्तावित ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने 500 करोड़ रुपये के राज्य एआई मिशन, जीएसटी राजस्व में 18 प्रतिशत वृद्धि, सेवा सेतु पोर्टल, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, डिजिटल राजस्व सुधार और तकनीक आधारित सुशासन की जानकारी भी साझा की। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ विकास और सुशासन के नए मॉडल के रूप में तेजी से आगे बढ़ेगा।
