Rainy Season Clothes Care Tips At Home: नई दिल्ली। बारिश का मौसम राहत तो देता है, लेकिन कपड़ों को सुखाने और उनकी दुर्गंध को लेकर परेशानी भी बढ़ा देता है। नमी के कारण कपड़े जल्दी सूखते नहीं और उनमें बदबू आने लगती है। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो कुछ सरल घरेलू उपायों से कपड़ों को ताजा और खुशबूदार रखा जा सकता है।
नींबू से दूर करें जिद्दी बदबू
नींबू के प्राकृतिक गुण कपड़ों की दुर्गंध दूर करने में बेहद असरदार हैं। एक बाल्टी पानी में नींबू का रस मिलाकर धुले हुए कपड़ों को कुछ देर के लिए उसमें भिगो दें। इससे कपड़ों में ताजगी आती है और बदबू खत्म हो जाती है।
पंखे की हवा में सुखाएं कपड़े
बारिश में धूप न मिलने के कारण कपड़े देर से सूखते हैं। ऐसे में उन्हें हैंगर पर टांगकर कमरे के अंदर पंखे के नीचे सुखाएं। इससे नमी जल्दी निकल जाती है और सीलन की समस्या कम हो जाती है।
वार्डरोब में रखें सिलिका जेल या चॉक
अलमारी में रखे कपड़ों से बदबू आने लगे तो सिलिका जेल के पाउच या चॉक के टुकड़े रख दें। ये अतिरिक्त नमी सोख लेते हैं और कपड़ों को सूखा तथा महकदार बनाए रखते हैं।
बेकिंग सोडा और नीम पत्तियां भी करें कमाल
कपड़े धोते समय थोड़ा बेकिंग सोडा मिला लें। यह नमी और बदबू पैदा करने वाले तत्वों को कम करता है। इसके अलावा सूखी नीम की पत्तियां अलमारी में रखने से न सिर्फ बदबू दूर होती है बल्कि कीड़े-मकोड़े भी नहीं लगते।
ये आसान घरेलू उपाय मानसून के मौसम में कपड़ों की देखभाल के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगे। इन्हें अपनाकर आप अपने कपड़ों को लंबे समय तक फ्रेश और इस्तेमाल के लायक रख सकते हैं।
