IND vs ENG : नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई में होने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। इस टीम की कमान शुभमन गिल के हाथों में होगी, जबकि श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं, जिसमें अनुभवी खिलाड़ियों की वापसी और कुछ युवा खिलाड़ियों को बाहर किए जाने का फैसला शामिल है।
यशस्वी जायसवाल शतक के बावजूद टीम से बाहर
हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए तीसरे वनडे में शानदार 110 रनों की नाबाद पारी खेलने वाले यशस्वी जायसवाल को इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में जगह नहीं मिली है। उनकी जगह टॉप ऑर्डर में विराट कोहली की वापसी हुई है। यह फैसला चयन प्रक्रिया में अनुभव को प्राथमिकता देने के तौर पर देखा जा रहा है।
विराट कोहली की वापसी, लेकिन फिटनेस टेस्ट जरूरी
हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते अफगानिस्तान सीरीज से बाहर रहे विराट कोहली की टीम में वापसी हुई है। उन्हें IPL 2026 फाइनल के दौरान चोट लगी थी। हालांकि, उनका इंग्लैंड दौरे पर खेलना पूरी तरह 22 जून को बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में होने वाले फिटनेस टेस्ट के परिणाम पर निर्भर करेगा। चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम में शामिल तो किया है, लेकिन अंतिम मंजूरी फिटनेस के बाद ही मिलेगी।
जसप्रीत बुमराह और हर्षित राणा की वापसी
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी टीम में वापसी करने में सफल रहे हैं। उन्हें अफगानिस्तान सीरीज में आराम दिया गया था, लेकिन अब उन्हें इंग्लैंड दौरे के लिए फिट घोषित किया गया है। वहीं, लंबे समय बाद हर्षित राणा की भी टीम में वापसी हुई है। अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ जैसे गेंदबाजों को भी टीम में जगह बरकरार रखी गई है।
🚨 News 🚨
India’s ODI squad for the England tour announced.
𝗡𝗢𝗧𝗘: Varun Chakaravarthy has been ruled out of the Ireland T20I Series as he continues his rehab at the BCCI COE.
More Details ▶️ https://t.co/wOdXTQqJto #TeamIndia | #ENGvIND pic.twitter.com/t0GypgM4kp
— BCCI (@BCCI) June 21, 2026
अनुभव और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण
इंग्लैंड दौरे के लिए घोषित टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण देखने को मिला है। रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल और श्रेयस अय्यर जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ ईशान किशन, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर जैसे युवा खिलाड़ी भी शामिल हैं। टीम मैनेजमेंट को इस संयोजन से मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद है।
इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की वनडे टीम
रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), ईशान किशन, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा टीम में शामिल किए गए हैं।
