Parbhani Temple Accident : परभणी। महाराष्ट्र के परभणी जिले के मानवत तालुका स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। मंदिर का सभामंडप अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब 40 लोग घायल हुए हैं। वहीं 30 से 40 श्रद्धालुओं के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए क्रेन और अन्य मशीनों की मदद से तेजी से बचाव कार्य चलाया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं, ताकि राहत कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
शनिवार होने के कारण मंदिर में थी भारी भीड़
परभणी के मानवत तालुका के यशवाड़ी गांव स्थित हनुमान मंदिर प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में से एक माना जाता है। शनिवार के दिन भगवान हनुमान की पूजा और दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। सप्ताहांत होने की वजह से भी मंदिर में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक भीड़ मौजूद थी, इसी दौरान यह दुखद हादसा हो गया।
प्रशासन की नजर पूरे बचाव अभियान पर
घटना के बाद जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार मौके पर मौजूद हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। जिले की पालक मंत्री मेघना बोर्डीकर भी पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और राहत कार्य को तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
हादसे से इलाके में शोक की लहर
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को जल्द से जल्द चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है।
