कोरिया जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र में रेत खनन को लेकर हुए विवाद से जुड़ी एक हिंसक घटना में भाजपा नेता और ठेकेदार भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने बैकुंठपुर में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर निवासी भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह गिट्टी क्रशर का संचालन करते थे और उनके पास एक रेत खदान का ठेका भी था। बताया जा रहा है कि रेत खनन को लेकर उनका विवाद दूसरे पक्ष से चल रहा था। मंगलवार को दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद मामला पुलिस तक भी पहुंचा।
बताया जाता है कि देर रात दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद हुआ। इसी दौरान एक वाहन की टक्कर के बाद स्थिति और बिगड़ गई। घटना के दौरान एक फॉर्च्यूनर वाहन में आग लग गई, जिसमें भरत सिंह की मौत हो गई। उनके भाई सतेंद्र सिंह गंभीर रूप से झुलस गए, जिनका उपचार जारी है।
घटना में दूसरी ओर वीरेंद्र सिंह नामक व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसकी बाद में अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। अन्य घायलों को पहले अंबिकापुर और बाद में रायपुर के अस्पतालों में रेफर किया गया है।
पुलिस ने मामले में नौ लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है और चार लोगों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
घटना के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रोक्तिमा यादव ने बैकुंठपुर क्षेत्र में धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत कार्यक्रम स्थल के आसपास हथियार, विस्फोटक सामग्री तथा भड़काऊ पोस्टर-बैनर के प्रदर्शन पर रोक लगाई गई है।
पुलिस और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। मामले की जांच जारी है।
