लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद Rahul Gandhi ने छात्रों और नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं से ‘स्टूडेंट्स इको’ अभियान से जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य शिक्षा, परीक्षाओं और रोजगार से जुड़े मुद्दों को सरकार तक पहुंचाना है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए एक पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा कि यदि किसी छात्र ने पेपर लीक, परीक्षा में धांधली, बढ़ी हुई फीस या शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी अन्य समस्याओं का सामना किया है, तो यह अभियान उनकी आवाज़ को मजबूती देने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि ‘स्टूडेंट्स इको’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सस्ती शिक्षा, निष्पक्ष परीक्षाओं और सम्मानजनक रोजगार की मांग को मजबूती से उठाने का मंच है। उन्होंने युवाओं से सुझाव देने और अभियान से जुड़ी याचिका पर हस्ताक्षर करने की अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से यह आवाज और प्रभावी होगी।
कांग्रेस के अनुसार, इस अभियान के माध्यम से छात्र अपनी जानकारी साझा कर सकते हैं, सुझाव दे सकते हैं और शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय दर्ज करा सकते हैं। अभियान का उद्देश्य परीक्षा संबंधी विवाद, भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं, बढ़ती शिक्षा लागत और रोजगार के अवसरों जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाना है।
पार्टी ने हाल ही में ‘छात्रों की गूंज’ नाम से देशव्यापी अभियान की शुरुआत की है, जिसके तहत विभिन्न राज्यों में जनसंपर्क कार्यक्रम, विरोध प्रदर्शन और संवाद आयोजित किए जाएंगे। कांग्रेस का कहना है कि अभियान के जरिए कोचिंग फीस, पेपर लीक, शिक्षा तक पहुंच और रोजगार से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा।
इस अभियान की शुरुआत राजस्थान के Kota से आयोजित एक रैली के साथ की गई। पार्टी के छात्र और युवा संगठन भी इसमें भागीदारी कर रहे हैं। आगामी दिनों में इलाहाबाद, पटना और दिल्ली में भी इस विषय पर कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई है।
