दंपती पर सरकारी नौकरी का झांसा देकर धोखाधड़ी करने का आरोप
रायपुर में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 23 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। डीडी नगर थाना पुलिस ने एक दंपती के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोप है कि दंपती ने मंत्रालय और बड़े नेताओं-अधिकारियों से करीबी संबंध होने का दावा कर युवक और उसके परिजनों को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। बाद में फर्जी नियुक्ति पत्र और इम्प्लॉय आईडी भेजकर उन्हें गुमराह किया गया।
पहचान का फायदा उठाकर दिया नौकरी का झांसा
पुलिस के अनुसार, आकाश साहू वाहन खरीदी-बिक्री का काम करते हैं। करीब दो साल पहले उनकी पहचान जितेंद्र बघेल के माध्यम से विश्वनाथ गुप्ता उर्फ विष्णु गुप्ता और उसकी पत्नी चंदा गुप्ता से हुई थी।
दोनों आरोपियों ने खुद को मंत्रालय और प्रभावशाली लोगों से जुड़ा बताते हुए दावा किया कि नवा रायपुर मंत्रालय और जल संसाधन विभाग में रिक्त पद हैं, जहां वे आसानी से नौकरी लगवा सकते हैं।
पत्नी और रिश्तेदारों के नाम पर लिए 23 लाख रुपये
आकाश साहू ने अपनी पत्नी रेशमी साहू और रिश्तेदार शेषनारायण साहू व रविशंकर साहू के लिए आरोपियों से बातचीत की। शिकायत के मुताबिक अगस्त से सितंबर 2024 के बीच अलग-अलग किश्तों में फोन-पे और नकद के जरिए कुल 23 लाख रुपये आरोपियों को दिए गए।
बदले में आरोपियों ने दो महीने के भीतर नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था।
फर्जी दस्तावेजों से खुली सच्चाई
कुछ समय बाद आरोपियों ने मोबाइल पर नियुक्ति पत्र भेजा और जनवरी 2025 में व्हाट्सऐप के जरिए इम्प्लॉय आईडी भी उपलब्ध कराई। जब पीड़ित अपने परिजनों के साथ मंत्रालय पहुंचा, तब अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि ऐसा कोई नियुक्ति पत्र जारी नहीं हुआ है और सभी दस्तावेज फर्जी हैं।
‘रेड’ का बहाना बनाकर टालते रहे आरोपी
धोखाधड़ी का पता चलने पर आकाश साहू ने आरोपियों से संपर्क किया। इस दौरान विश्वनाथ गुप्ता ने मंत्रालय में “रेड” चलने का बहाना बनाकर मामला टाल दिया और कुछ दिनों बाद जॉइनिंग कराने का आश्वासन देता रहा।
करीब दो महीने तक इंतजार करने के बाद आरोपी का मोबाइल बंद आने लगा। इसके बाद पीड़ित आरोपी के गृहग्राम पत्थलगांव पहुंचा, लेकिन वहां भी आरोपी नहीं मिला। उसकी पत्नी ने जल्द पैसे लौटाने की बात कही, जिसके बाद दोनों संपर्क से बाहर हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित की शिकायत पर डीडी नगर थाना पुलिस ने विश्वनाथ गुप्ता और चंदा गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
