Bengal BJP CM : कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद अब मुख्यमंत्री पद को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। पार्टी 9 मई को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन करने जा रही है, लेकिन अभी तक सीएम चेहरे का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा महिला मुख्यमंत्री भी चुन सकती है, जिसमें अग्निमित्रा पॉल और रूपा गांगुली के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं।
अग्निमित्रा पॉल और रूपा गांगुली पर जोरदार दावेदारी
आसनसोल दक्षिण से चुनाव जीतने वाली अग्निमित्रा पॉल भाजपा की महिला मोर्चा की प्रमुख रह चुकी हैं। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार को भारी अंतर से हराया। राजनीति में आने से पहले वे मशहूर फैशन डिजाइनर थीं। वहीं, महाभारत में द्रौपदी का किरदार निभा चुकीं रूपा गांगुली ने भी सोनारपुर दक्षिण सीट पर बड़ी जीत दर्ज की है। दोनों महिलाएं पार्टी में मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं।
शुभेंदु अधिकारी समेत अन्य नाम भी दौड़ में
भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों सीटों पर जीत हासिल करने वाले शुभेंदु अधिकारी को भी मुख्यमंत्री पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। इसके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष और RSS से जुड़े उत्पल महाराज का नाम भी चर्चा में है।
अमित शाह को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
भाजपा ने बंगाल में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है। पार्टी जल्द ही बैठक कर सीएम चेहरे का फैसला लेगी।
9 मई को होगा शपथ ग्रहण
भाजपा के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी पूरी हो चुकी है। 9 मई को नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा। ममता बनर्जी के 15 साल के शासन के बाद बंगाल में सत्ता परिवर्तन की यह ऐतिहासिक घड़ी है। अब देखना होगा कि भाजपा अंत में किसे मुख्यमंत्री बनाती है।
