Explosion at China Fireworks Factory : लियुयांग। चीन के हुनान प्रांत में स्थित लियुयांग शहर की एक पटाखा फैक्ट्री में सोमवार को जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 61 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। फैक्ट्री ‘हुआशेंग फायरवर्क्स मैन्युफैक्चरिंग एंड डिस्प्ले कंपनी’ की वर्कशॉप में यह दुर्घटना हुई।
500 से ज्यादा बचावकर्मी लगे राहत कार्य में
धमाके की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया। 500 से अधिक बचाव कर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। खतरे वाले इलाकों से लोगों को निकालकर अस्थायी कैंपों में शिफ्ट किया जा रहा है। धमाका इतना शक्तिशाली था कि फैक्ट्री के 3 किलोमीटर दायरे तक इसका असर देखा गया। आसपास के गांवों में घरों के दरवाजे-खिड़कियां टूट गईं और सड़कों पर मलबा बिखर गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ खौफनाक वीडियो
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इनमें फैक्ट्री से उठते सफेद धुएं के घने बादल साफ दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। कई ग्रामीणों ने सुरक्षा को देखते हुए इलाका खाली कर दिया।
शी जिनपिंग ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने घटना की उच्च स्तरीय जांच के सख्त आदेश दिए हैं। साथ ही घायलों के तुरंत इलाज और लापता लोगों को खोजने के निर्देश दिए गए हैं। राष्ट्रपति ने प्रमुख उद्योगों में सुरक्षा मानकों को और सख्त बनाने तथा जोखिम प्रबंधन को मजबूत करने के भी निर्देश दिए हैं।
पटाखा उद्योग में सुरक्षा पर सवाल
यह हादसा चीन के पटाखा उद्योग में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़ा कर गया है। लियुयांग क्षेत्र पटाखा उत्पादन का प्रमुख केंद्र माना जाता है। प्रशासन ने पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
