कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के बीच सियासी माहौल गरमा गया है। शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी की बढ़त के बीच ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
“काउंटिंग में की जा रही है देरी”
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि जहां उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस बढ़त में है, वहां मतगणना की प्रक्रिया धीमी की जा रही है। उन्होंने कहा कि “चुनाव आयोग मनमानी कर रहा है, लेकिन अंतिम राउंड के बाद हम ही जीतेंगे।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं और काउंटिंग एजेंटों से अपील की कि वे काउंटिंग सेंटर न छोड़ें और अंत तक डटे रहें।
“सूर्यास्त के बाद हमारी जीत होगी”
ममता बनर्जी ने दावा किया कि अभी केवल कुछ राउंड की गिनती हुई है, जबकि कुल 14 से 18 राउंड तक मतगणना होती है। उन्होंने कहा, “सूर्यास्त के बाद तस्वीर बदल जाएगी और हमारी जीत होगी। किसी को घबराने की जरूरत नहीं है।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्रीय बलों और एजेंसियों का उपयोग कर उनकी पार्टी पर दबाव बनाया जा रहा है।
मतगणना जारी, परिणाम का इंतजार
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान के बाद आज वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों में भाजपा बढ़त बनाए हुए है, हालांकि अंतिम परिणाम आने तक स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
राज्य की सियासत में इस बयान के बाद हलचल तेज हो गई है और सभी की नजर अब अंतिम नतीजों पर टिकी हुई है।
