Delhi Weather : दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तेज धूल भरी आंधी के साथ काले बादल छा गए और कई इलाकों में भारी बारिश शुरू हो गई। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली। दोपहर होते-होते मौसम इतना बदल गया कि दिन में ही रात-सा अंधेरा छा गया।
नोएडा-गाजियाबाद में भी बदला मिजाज
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सुबह तेज धूप और उमस थी, लेकिन दोपहर में अचानक काले बादल घिर आए। तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हुई, जिससे तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। गाजियाबाद के साहिबाबाद इलाके में ओलावृष्टि हुई, जहां मोटे-मोटे ओले गिरने से कई गाड़ियों के शीशे टूट गए और पीवीसी चादरों में छेद हो गए। लोग ओलों से बचने के लिए छिपते नजर आए।
मौसम विभाग का येलो अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो दोपहर बाद 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
- 30 अप्रैल: अधिकतम तापमान 39°C और न्यूनतम 25°C के आसपास रहने की संभावना।
- 1 और 2 मई: बादल छाए रहेंगे, अधिकतम तापमान 40-41°C।
- 3 मई: गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, हवाओं की रफ्तार 35-40 किमी/घंटा।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आकाशीय बिजली के समय पेड़ों के नीचे न खड़े हों और यातायात के दौरान सावधानी बरतें।
