रायपुर। राजधानी रायपुर के सड्डू इलाके में स्थित कवल मल्टीलेयर प्लास्टिक फैक्ट्री में गुरुवार को भीषण आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में उसने विकराल रूप ले लिया और आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया।
यह घटना रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र की है, जहां आग लगने के करीब आधे घंटे के भीतर ही स्थिति गंभीर हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि फैक्ट्री से उठती ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास जारी है। वहीं पुलिस टीम भी घटनास्थल पर तैनात है और राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आसपास के इलाके को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
