अंबिकापुर : कांग्रेस कार्यालय से 73 नलों की टोंटियां चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
अंबिकापुर स्थित कांग्रेस के राजीव भवन से 73 नलों की टोंटियां चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। करीब 20 दिन पहले कलेक्ट्रेट चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय में हुई इस चोरी की घटना ने उस समय काफी चर्चा बटोरी थी, जब आरोपियों ने वॉशरूम के फर्श पर ‘I Love You’ भी लिख दिया था।
जानकारी के अनुसार, घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही थी, लेकिन शुरुआती दौर में कोई ठोस सफलता नहीं मिली। इसी बीच युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष विकास केसरी ने दो संदिग्ध युवकों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार, 14 मई की रात आरोपी कांग्रेस कार्यालय में घुसे और बाथरूम तथा वॉश बेसिन में लगी 73 टोंटियां उखाड़कर चोरी कर ले गए। चोरी किया गया सामान अच्छी गुणवत्ता का बताया गया है, लेकिन आरोपियों ने शराब के लिए पैसों की जरूरत होने के कारण पूरा सामान कबाड़ में मात्र 600 रुपये में बेच दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय शिव दास और 19 वर्षीय विष्णु यादव के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि चोरी की गई टोंटियां जयस्तंभ चौक निवासी श्याम अग्रवाल को बेची गई थीं।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोप में श्याम अग्रवाल को भी गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राजीव भवन में पिछले दो वर्षों के भीतर यह तीसरी चोरी की घटना है। उनका आरोप है कि पहले हुई दो चोरी की घटनाओं के आरोपियों का अब तक पता नहीं चल पाया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में शुरुआती चरण में पुलिस ने अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई, जिससे जांच प्रभावित हुई। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
