बेमेतरा। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के लिए निर्धारित कम टोकन लिमिट से किसानों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसी मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा में टोकन लिमिट बढ़ाने की मांग करते हुए कलेक्टर बेमेतरा को ज्ञापन सौंपा।
जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के प्रभारी महामंत्री ललित विश्वकर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2025-26 के लिए प्रतिदिन तय की गई धान खरीदी टोकन लिमिट बेहद कम है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि राज्य के कई जिलों में धान खरीदी टोकन लिमिट बढ़ाई जा चुकी है, लेकिन बेमेतरा जिला अब तक इससे वंचित है। खास बात यह है कि बेमेतरा खाद्य मंत्री का गृह जिला होने के बावजूद यहां के किसानों को अपेक्षित सुविधा नहीं मिल पा रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही टोकन लिमिट नहीं बढ़ाई गई तो किसानों के हित में 30 दिसंबर 2025 (मंगलवार) को जिले की सभी सहकारी समितियों में आंदोलनात्मक चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
जिला कांग्रेस ने राज्य शासन से मांग की है कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल धान खरीदी टोकन लिमिट बढ़ाई जाए, ताकि कोई भी किसान सरकारी खरीदी से वंचित न रहे।

