बलौदाबाजार वनमण्डल द्वारा “YUVAN – Connecting Youth with Nature” पहल के तहत वॉलेंटियर्स ओरिएंटेशन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को वनों और वन्यजीवों के संरक्षण से जोड़कर उन्हें पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाना है।
कार्यक्रम का मार्गदर्शन वन मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में तथा प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) अरुण कुमार पाण्डेय के प्रोत्साहन से किया गया। पहल का लक्ष्य युवाओं को प्रकृति, वन और वन्यजीव संरक्षण के प्रति सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
इस दौरान युवाओं को वनों की पारिस्थितिकी, जैव विविधता और सांपों के सुरक्षित रेस्क्यू जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। शासकीय लवन महाविद्यालय, लाइफकेयर कॉलेज ऑफ नर्सिंग और डी.के. कॉलेज बलौदाबाजार के छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।
विशेषज्ञों ने भी कार्यक्रम में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। अजय मिश्रा ने वेटलैंड संरक्षण पर प्रकाश डाला, जबकि सौरव राजवाड़े ने ‘युवान’ कार्यक्रम के उद्देश्यों को समझाया। वहीं सौरव मेहरा ने मानव-हाथी सह-अस्तित्व जैसे संवेदनशील विषय पर प्रस्तुति दी।
वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर ने बताया कि “युवान” (युवा वन) पहल के माध्यम से युवाओं को फील्ड एक्सपोजर और व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर भविष्य के ‘ग्रीन लीडर’ के रूप में तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रकृति और समुदाय के बीच संबंधों को समझना वर्तमान समय की बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम में बारनवापारा अभ्यारण्य के अधीक्षक कृषानू चन्द्राकार, प्रशिक्षणरत एसीएफ प्रखर नायक और गुलशन साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस पहल के माध्यम से वन विभाग अब स्थानीय युवाओं को संरक्षण गतिविधियों और सामुदायिक कार्यों में सक्रिय रूप से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को नई दिशा देगा।
