मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार युवाओं को कौशल विकास के जरिए रोजगार से जोड़ने की दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। इसी क्रम में जशपुर जिले में संचालित नवगुरूकुल आज युवाओं के लिए अवसरों का मजबूत मंच बनकर उभरा है। यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर जिले की बेटियां न केवल रोजगार हासिल कर रही हैं, बल्कि आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई पहचान भी बना रही हैं।
नेहारिका को मिला पसंदीदा रोजगार, बदली जीवन की दिशा
जशपुर की नेहारिका लकड़ा ने अपनी शुरुआती पढ़ाई गांव से पूरी की। किसान पिता और रसोइया माता के सीमित संसाधनों वाले परिवार से आने वाली नेहारिका को नवगुरूकुल की जानकारी स्कूल शिक्षकों के माध्यम से मिली। नवगुरूकुल जशपुर कैंपस से प्रोग्रामिंग कोर्स पूरा करने के बाद उन्होंने तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ लीडरशिप, प्रोफेशनल व्यवहार, अंग्रेज़ी संवाद और जीवन कौशल में दक्षता हासिल की।
प्रशिक्षण पूर्ण होते ही नेहारिका को Kingdom of Chess में कस्टमर रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव के रूप में पहला अवसर मिला। वर्तमान में वे KPS (कुसमी पब्लिक स्कूल) में कंप्यूटर शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। नेहारिका का कहना है कि नवगुरूकुल ने उन्हें केवल रोजगार ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और स्पष्ट लक्ष्य भी दिया।
नीलम यादव को मिला उच्च वेतन वाला अवसर
जशपुर जिले की नीलम यादव की सफलता भी नवगुरूकुल की प्रभावशीलता को दर्शाती है। नीलम ने अपनी स्कूली शिक्षा शासकीय एवं निजी विद्यालयों से पूरी की। स्कूल में आयोजित सेमिनार और स्वामी आत्मानंद स्कूल के कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें नवगुरूकुल की जानकारी मिली।

नवगुरूकुल जशपुर कैंपस में प्रशिक्षण के दौरान नीलम ने डेटा एनालिटिक्स, बेसिक अकाउंटिंग, अंग्रेज़ी संचार, लाइफ स्किल्स और सॉफ्ट स्किल्स में दक्षता प्राप्त की। प्रशिक्षण के एक वर्ष के भीतर ही उन्हें उमाश्री टेक्सप्लास्ट प्राइवेट लिमिटेड, अहमदाबाद में मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के पद पर रोजगार मिला। नवगुरूकुल से मिले आत्मविश्वास ने उनके करियर को नई दिशा दी।
ग्रामीण युवाओं के लिए अवसरों का केंद्र बना नवगुरूकुल
नेहारिका और नीलम की कहानियां यह साबित करती हैं कि नवगुरूकुल केवल तकनीकी प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण और आदिवासी अंचलों के युवाओं को सक्षम, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में राज्य में संचालित कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी योजनाएं युवाओं के सपनों को साकार कर रही हैं। नवगुरूकुल जैसे प्रयास जशपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में युवाओं के लिए उज्ज्वल भविष्य की नींव रख रहे हैं।
