Thailand Train Accident: थाईलैंड के सिखियो जिले में बुधवार की सुबह एक हृदयविदारक ट्रेन हादसा हुआ। निर्माणाधीन हाई-स्पीड रेल लाइन की विशाल क्रेन चलती पैसेंजर ट्रेन पर गिर गई, जिससे ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और उनमें आग लग गई। इस दुर्घटना में अब तक 22 यात्रियों की मौत हो चुकी है और 79 घायल हुए हैं। घायलों में से 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
विशाल क्रेन का कहर
नखोन रत्चासिमा प्रांत के सिखियो जिले में हाई-स्पीड रेल ब्रिज का निर्माण चल रहा था। जैसे ही ट्रेन निर्माण स्थल के नीचे से गुजरी, असंतुलित क्रेन सीधे बोगियों पर गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि क्रेन गिरते ही जोरदार धमाका हुआ और ट्रेन पटरी से उतर गई। कई यात्रियों को मलबे और आग की चपेट में आने से गंभीर चोटें आई।
रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने में कई घंटे लगे। क्रेन के भारी मलबे को हटाने के लिए विशेष मशीनरी और बचाव दल तैनात किए गए। घायल यात्रियों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
सरकार की प्रतिक्रिया और जांच
थाईलैंड सरकार ने हादसे की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की। उप प्रधानमंत्री और परिवहन मंत्री पिपट रचकिटप्रकर्ण ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। सुरक्षा मानकों की चूक के कारण यह हादसा हुआ माना जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने तक उस क्षेत्र में हाई-स्पीड रेल लाइन का निर्माण कार्य रोक दिया गया है। पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
