RCB Finalise Two Venues For IPL 2026: बेंगलुरु। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आईपीएल 2026 के लिए अपने घरेलू मैदानों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। आगामी सीजन में RCB अपने होम मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में नहीं खेलेगी। फ्रेंचाइजी ने नवी मुंबई और रायपुर को अस्थायी होम वेन्यू के रूप में चुना है। सूत्रों के मुताबिक, RCB नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में 5 मुकाबले और रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 2 मैच खेलेगी।
इस फैसले की मुख्य वजह पिछले साल RCB की आईपीएल जीत परेड के दौरान हुई दर्दनाक भगदड़ बताई जा रही है। उस घटना में 11 लोगों की जान चली गई थी, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इस हादसे के बाद से सुरक्षा कारणों के चलते एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में कोई भी अंतरराष्ट्रीय या बड़ा क्रिकेट आयोजन नहीं किया गया है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, फ्रेंचाइजी अधिकारियों और संबंधित प्रशासन के साथ हुई कई बैठकों के बाद RCB ने नए होम वेन्यू को अंतिम रूप दिया। इसी बीच राजस्थान रॉयल्स (RR) ने भी अपने घरेलू मुकाबलों के लिए पुणे स्थित महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) स्टेडियम को चुना है। गौरतलब है कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) में चुनाव न होने के चलते पहले RR के होम वेन्यू को लेकर सवाल खड़े हुए थे।

वहीं कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) और राज्य सरकार चिन्नास्वामी स्टेडियम में फिर से बड़े क्रिकेट इवेंट्स की वापसी के लिए लगातार बैठकें कर रहे हैं। हालांकि, दिसंबर में सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए राज्य सरकार ने विजय हजारे ट्रॉफी के मैचों को स्टेडियम में कराने की अनुमति नहीं दी थी, जिसके बाद मुकाबले BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में शिफ्ट कर दिए गए थे।
इसके अलावा, जस्टिस जॉन माइकल डी’कुन्हा आयोग की रिपोर्ट में भी एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम को बड़ी भीड़ वाले आयोजनों के लिए “बेहद असुरक्षित” करार दिया गया है। इन्हीं कारणों से फिलहाल RCB ने IPL 2026 के लिए बेंगलुरु के बाहर अपने घरेलू मुकाबले खेलने का निर्णय लिया है।
