अटल बिहारी वाजपेयी जयंती पर श्रद्धा सुमन अर्पित, सुशासन दिवस समापन कार्यक्रम सम्पन्न
भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में उन्हें श्रद्धा एवं सम्मान के साथ स्मरण किया गया। इस अवसर पर कोरबा शहर के विवेकानंद उद्यान के समीप स्थित अटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मंत्री श्री देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का व्यक्तित्व और कृतित्व शब्दों में वर्णन से परे है। वे दूरदर्शी नेता, सशक्त वक्ता और सभी राजनीतिक दलों के सम्माननीय व्यक्तित्व थे। उनके नेतृत्व में देश ने सड़क, शिक्षा और परमाणु ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में ऐतिहासिक प्रगति की। छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण का श्रेय भी उन्हीं को जाता है, जिसकी बदौलत आज राज्य विकास की नई दिशा में अग्रसर है।
उन्होंने बताया कि अटल जी की जयंती के अवसर पर 19 से 25 दिसम्बर तक राज्य सरकार द्वारा सुशासन दिवस मनाया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के नगरीय निकायों में अटल परिसर निर्माण की पहल सराहनीय है। कोरबा का अटल परिसर राज्य के श्रेष्ठ परिसरों में शामिल है, जिसका आज राज्यस्तरीय कार्यक्रम में लोकार्पण किया गया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा गांव-गांव में अटल चौक निर्माण की पहल को भी स्मरण किया।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी अटल जी के विचारों को आगे बढ़ाते हुए देश को विकास के पथ पर अग्रसर कर रहे हैं। भारत आज वैश्विक स्तर पर अपनी नई पहचान स्थापित कर रहा है और आर्थिक क्षेत्र में भी निरंतर प्रगति कर रहा है।
सुशासन दिवस के तहत नगर निगम द्वारा आयोजित शिविर में कुल 618 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 162 मामलों का त्वरित निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों पर कार्रवाई जारी है। उन्होंने बताया कि कोरबा जिले में सड़क निर्माण सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्य तेज़ी से किए जा रहे हैं।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का राजनीतिक और सामाजिक जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। सुशासन दिवस सप्ताह के दौरान नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
नगर निगम आयुक्त एवं प्रभारी कलेक्टर श्री आशुतोष पांडेय ने जानकारी दी कि 19 से 25 दिसम्बर के बीच आयोजित शिविरों में जन्म से मृत्यु तक की योजनाओं से संबंधित सेवाएं नागरिकों को प्रदान की गईं। उन्होंने बताया कि मंत्री श्री देवांगन के प्रयासों से लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये की बीटी सड़क स्वीकृत हुई है। कुल आवेदनों में से लगभग 30 प्रतिशत समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया है।
कार्यक्रम में सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि तथा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने राजधानी से आयोजित राज्यस्तरीय लोकार्पण कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री के संबोधन को लाइव देखा और सुना। इस दौरान अटल परिसर में लगी अटल जी की तस्वीरों का भी अवलोकन किया गया।
क्रमांक : 7248/लोन्हारे
