Rohit Sharma in VHT 2025-26: जयपुर। विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में रोहित शर्मा ने ऐसा तूफान मचाया, जिसने मैदान के साथ-साथ आलोचकों की आवाज़ भी खामोश कर दी। सिक्किम के खिलाफ मुकाबले में रोहित ने मात्र 62 गेंदों में शतक जड़ते हुए अपने लिस्ट-A करियर का सबसे तेज़ शतक लगा दिया।
जबरदस्त फॉर्म और फिटनेस
सवाई मानसिंह स्टेडियम में खचाखच भरे दर्शकों के बीच मुंबई के कप्तान ने जबरदस्त फॉर्म और फिटनेस का प्रदर्शन किया। यह मुकाबला 2018 के बाद विजय हजारे ट्रॉफी में रोहित शर्मा का पहला मैच था, जिसे देखने के लिए 12 हजार से ज्यादा दर्शक स्टेडियम पहुंचे।
रोहित की तूफानी पारी
शतक के बाद भी रोहित का बल्ला नहीं रुका। उन्होंने 94 गेंदों में 155 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 9 छक्के और 18 चौके शामिल रहे। यह उनके लिस्ट-A करियर की 37वीं सेंचुरी थी। रोहित की इस तूफानी पारी के दम पर मुंबई ने सिक्किम को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी।
मुकाबले में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए सिक्किम की टीम 237 रन ही बना सकी थी। जवाब में मुंबई ने यह लक्ष्य महज 31 ओवर में हासिल कर लिया।
टूटा पुराना रिकॉर्ड
यह शतक रोहित शर्मा का लिस्ट-A क्रिकेट में अब तक का सबसे तेज़ शतक साबित हुआ। इससे पहले उनका रिकॉर्ड 63 गेंदों में शतक का था, जो उन्होंने 2023 में नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ बनाया था।
स्टेडियम में गूंजे रोहित के नारे
मैच के दौरान स्टेडियम का माहौल किसी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले जैसा नजर आया। पहली पारी में जब रोहित फील्डिंग कर रहे थे, तब दर्शकों के बीच ‘रोहित-रोहित’, ‘मुंबई चा राजा’ और ‘रोहित को बॉलिंग दो’ जैसे नारे लगातार गूंजते रहे। चूंकि प्रवेश निःशुल्क था, इसलिए दर्शकों की संख्या दिन भर बढ़ती रही।

बल्ले से दिया जवाब
रोहित ने अपनी पारी की शुरुआत एक शानदार पुल शॉट से की, जो मिड-विकेट के ऊपर से सीधा बाउंड्री के बाहर गया। इसके बाद उन्होंने अपेक्षाकृत अनुभवहीन सिक्किम के गेंदबाज़ों पर पूरी तरह दबदबा बनाते हुए अपनी ट्रेडमार्क सहज बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन किया।
