Amit Shah : रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बस्तर ओलंपिक 2025 के समापन समारोह में शामिल होने के लिए दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आएंगे। उनके दौरे का मिनट टू मिनट कार्यक्रम तैयार कर लिया गया है। अमित शाह शुक्रवार रात 10:00 बजे माना एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से वे सीधे मेंफेयर रिसोर्ट में रवाना होंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन शनिवार दोपहर 1:30 बजे माना एयरपोर्ट से वे जगदलपुर के लिए रवाना होंगे और 2:45 बजे जगदलपुर पहुंचकर बस्तर ओलंपिक समापन समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद वे जगदलपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।
इससे पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर ओलंपिक 2025 का भव्य उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह आयोजन बस्तरवासियों के लिए गर्व और सौभाग्य का क्षण है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष 1,65,000 खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जबकि इस बार यह संख्या बढ़कर 3,91,000 तक पहुंच गई है। सीएम साय ने कहा कि इतनी बड़ी भागीदारी सिर्फ खेलों की लोकप्रियता को नहीं दर्शाती, बल्कि बस्तर के युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और खेल के प्रति उत्साह को भी उजागर करती है। उन्होंने यह भी बताया कि बस्तर का समाज अब नक्सलवाद की छाया से बाहर निकलकर विकास और प्रगति की राह पर अग्रसर है।
बस्तर ओलंपिक 2025 का उद्घाटन इंदिरा स्टेडियम से हुआ, जिसमें बस्तर संभाग के सातों जिलों और विशेष “नुआ बाट” टीम सहित कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस महाआयोजन में 3,500 खिलाड़ी 11 अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। समारोह में कुल 276 विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे, इसके अलावा ओवरऑल चैंपियनशिप और प्रत्येक जिले के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को भी सम्मानित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में देश की प्रसिद्ध ओलंपिक बॉक्सर और ब्रॉन्ज मेडल विजेता मेरीकॉम भी शामिल हुईं, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया
